मिसाल न्यूज़
रायपुर। विधानसभा में आज भाजपा विधायक मोतीलाल साहू के सवालों पर उप मुख्यमंत्री (नगरीय प्रशासन) अरुण साव की ओर से जवाब आया कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्रस्तावित मार्ग संरचना को लेकर मिली शिकायतों पर जिन 4 अफसरों को सस्पेंड किया गया उनके नाम आरोप पत्र जारी हुआ है।
मोतीलाल साहू की ओर से सवाल लगा था कि रायपुर नगर निगम अंतर्गत कितने मार्ग संरचना प्रस्तावित हैं व कितने प्रकरण अप्रूव्ह हुए हैं? कितने प्रकरण लंबित हैं? लंबित होने के कारण क्या हैं? रायपुर ग्रामीण विधानसभा अंतर्गत विभागीय प्रोटोकॉल से हटकर मार्ग संरचना को स्वीकृत किये जाने की शिकायत पर विभाग व्दारा जांच उपरांत किन-किन अधिकारियों/कर्मचारियों पर क्या कार्यवाही की गई?
उप मुख्यमंत्री अरूण साव की ओर से जवाब आया कि रायपुर नगर निगम क्षेत्रांतर्गत 229 मार्ग संरचना के प्रकरण अनुमोदित किये गए हैं। एक प्रकरण नगर तथा ग्राम निवेश को परीक्षण उपरांत अनुमोदन हेतु प्रेषित किया गया है। 20 अन्य प्रकरण निगम स्तर पर परीक्षणाधीन हैं। 1 प्रस्तावित सहित 20 परीक्षणाधीन मार्ग संरचना कुल 21 प्रकरण लंबित हैं। रायपुर ग्रामीण विधानसभा अंतर्गत रायपुर नगर निगम में नियमों से हटकर मार्ग संरचना को स्वीकृत किए जाने संबंधी प्राप्त शिकायत की जांच उपरांत जोन क्रमांक-10 के तत्कालीन जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे, कार्यपालन अभियंता आशीष शुक्ला, सहायक अभियंता योगेश यदु तथा उप अभियंता अजय श्रीवास्तव को निलंबित किया गया है। उक्त चारों अधिकारियों के विरुद्ध नगर निगम व्दारा विभागीय जाँच की कार्यवाही प्रारंभ करते हुए आरोप पत्र जारी किए गए हैं।

