मिसाल न्यूज़
रायपुर। विधानसभा में आज भाजपा विधायक सुनील सोनी ने कहा कि पुराने रायपुर की आबादी लगातार बढ़ने के बाद भी यहां एक ही फायर स्टेशन है। जिस तरह यहां की आबादी 16-17 लाख पर पहुंच चुकी है उसे देखते हुए शहर की चारों दिशाओं में फायर स्टेशन बनाने की जरूरत है।
प्रश्नकाल में सुनील सोनी का सवाल था कि प्रदेश के कितने जिलों में फायर स्टेशन की सुविधा जून 2026 तक विकसित नहीं की जा सकी है? फायर वाहनों की खरीद हेतु कितनी राशि गृह विभाग को प्राप्त हुई है? क्या जून 2026 तक फायर वाहनों की खरीद की जा चुकी है? उप मुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा की ओर से जवाब आया कि प्रदेश के 6 जिलों में फायर स्टेशन की सुविधा जून 2026 तक विकसित नहीं की जा सकी है। फायर स्टेशनों के आधुनिकीकरण एवं फायर वाहन खरीदी हेतु अप्रैल 2026 से जून 2026 तक 1 अरब 56 करोड़ 71 लाख 29 हजार का आबंटन गृह विभाग को प्राप्त हुआ। फायर वाहनों की खरीदी की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
सुनील सोनी ने पूछा कि रायपुर में वर्तमान में कितने फायर स्टेशन सक्रिय हैं और कितने खोलने की योजना है? उप मुख्यमंत्री ने बताया कि अग्नि शमन विभाग पहले नगर निगम से संचालित होता था, जिसे अलग किया गया। पुराना रायपुर के टिकरापारा के अलावा नया रायपुर में फायर स्टेशन है। पुराना रायपुर के उरला में फायर स्टेशन अंडर कंशट्रक्शन है। सोनी ने कहा कि नेशनल फायर एडवाइजरी का सूझाव है कि दो लाख आबादी के पीछे एक फायर स्टेशन होना चाहिए। रायपुर की आबादी सत्रह-अट्ठारह लाख पर पहुंच रही है। ऐसे में रायपुर की चारों दिशाओं में एक-एक फायर स्टेशन तो होना ही चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार ने फायर स्टेशन के लिए एक भी पोस्टिंग नहीं की। हमारी सरकार 295 पदों पर भर्ती की दिशा में आगे बढ़ी। सोनी ने पूछा कि रायपुर में अभी कितने फायर वाहन हैं और आने वाले समय में और कितने खरीदेंगे? उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर में इस समय 22 फायर गाड़ियां हैं। और गाड़ियों के खरीदने की प्रक्रिया जारी है। सोनी ने कहा कि रायपुर में 15-16 मंजिलों वाली इमारतें बन रही हैं। अब ऊंचाइयों को ध्यान में रखते हुए वैसे फायर वाहन खरीदने की जरूरत है। रायपुर के गुढ़ियारी में जो फायर स्टेशन बना था खंडहर हो रहा है। उसे चालू करवाने की ज़रूरत है। टिकरापारा जहां फायर स्टेशन है वह क्षेत्र कितना घना है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मेरे घर से आधा किलोमीटर दूर पर राजधानी हॉस्पिटल जब पूरा जल गया तब जाकर फायर गाड़ी वहां पहुंची। रायपुर में पिछले दो महीनों में छह से अधिक आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं।
भाजपा विधायक राजेश मूणत ने कहा कि रायपुर के कोटा क्षेत्र में फायर सब स्टेशन बनकर तैयार है। वहां दो गाड़ियां भी खड़ी कर दी जाएं तो कहीं आग लगने पर वह आसानी से पहुंच सकती हैं।
भाजपा विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि उरला क्षेत्र में एक साल से अधिक समय हो गया, फायर स्टेशन निर्माणाधीन है। उरला औद्योगिक क्षेत्र है। वहां आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि उरला क्षेत्र में मैं आपके साथ चलकर देख लूंगा। जमीनों की उपलब्धता के आधार पर और फायर स्टेशन बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

