मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा के निर्देशानुसार अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। इसी क्रम में आज लाभांडी चौक स्थित निर्मित अवैध शेड को गिराया गया।
स्थल निरीक्षण के दौरान बिना सक्षम अनुमति निर्मित अवैध शेड पाए जाने पर जेसीबी से उसे गिराया गया। कार्यवाही नगर पालिक निगम के जोन 9 के नगर निवेश विभाग एवं निगम मुख्यालय के उड़नदस्ता की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जोन 9 कमिश्नर राकेश शर्मा के निर्देश पर सहायक अभियंता सैय्यद जोएब एवं उप अभियंता रवि प्रभात साहू व टीम के अन्य सदस्यों ने इस कार्यवाही को अंजाम दिया। नगर निगम ने पुनः स्पष्ट किया है कि बिना वैधानिक स्वीकृति के किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

