मिसाल न्यूज़
रायपुर। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज नगर निगम के जोन 8, 9 एवं 10 में पार्षदों व अधिकारियों की बैठक ली। जोन 9 की बैठक में पार्षदों की ओर से शिकायत आई कि पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट, रॉयल रिजॉर्ट को बनाने व बसाने वालों ने जिस तरह नालों पर अतिक्रमण किया उसके कारण बारिश के इस मौसम में जलभराव का संकट खड़ा हुआ है। महापौर ने अफसरों को निर्देशित करते हुए कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी हालत में न बख्शें।
जोन 8 बैठक
जोन 8 की समीक्षा बैठक में महापौर ने कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि इस तरह कछुआ छाप गति से चल रहा कार्य बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महापौर ने कहा कि अधिकारी व कर्मचारी पार्षदों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। रखकर कार्य करते हुए वार्डों में त्वरित निदान करवाकर वार्डवासियों को राहत दिलवाने के कड़े निर्देश दिये।
जोन 9 की समीक्षा बैठक में पार्षदों की ओर से शिकायतें आईं कि महात्मा गांधी वार्ड सहित विभिन्न क्षेत्रों में नालों पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण हो रहा है, जिससे पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। पार्षदों ने कहा कि पाम रिजॉर्ट, एसेड रिजॉर्ट, रॉयल रिजॉर्ट सहित अन्य कॉलोनाइजरों द्वारा नियमों के विपरीत नालों पर अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण किया जा रहा है जिससे जल निकासी बुरी तरह बाधित हो रही है। यही कारण है कि तेज बारिश होने पर जलभराव हो जाता है। कॉलोनाइजरों की करतूतों का फल आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है। महापौर ने कहा कि जोन अधिकारियों एवं अभियंताओं द्वारा समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के चलते ऐसे अवैध निर्माणों को बढ़ावा मिला है। महापौर ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि नालों पर किए गए प्रत्येक अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के तत्काल वैधानिक कार्रवाई करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले दोषी कॉलोनाइजरों को किसी भी हालत में न बख्शें। जोन 9 अध्यक्ष गोपेश साहू ने तेज बारिश होने पर कचना श्मशानघाट में जलभराव की स्थिति निर्मित होने को लेकर भारी नाराजगी जताई।
जोन 10 बैठक
जोन 10 की समीक्षा बैठक में महापौर द्वारा जलभराव एवं पेयजल संबंधी समस्याओं की विस्तृत समीक्षा की गई। पार्षदों ने देवपुरी स्कूल परिसर एवं वीआईपी चौक स्थित राम मंदिर के समीप वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने इन स्थलों पर स्थायी समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के अधिकारियों को निर्देश दिए। महापौर ने काठाडीह स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में जलभराव की गंभीर समस्या के समाधान के लिए पुलिया निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किये जाने पर तत्काल जियो टैगिंग एवं तकनीकी सर्वे कराकर प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र स्वीकृति हेतु प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। महावीर नगर, मेट्रो हाइट्स एवं काली नहर क्षेत्र में जलभराव की समस्या के समाधान हेतु लगभग 18 लाख की स्वीकृत लागत से प्रस्तावित नाला निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। संतोषी नगर मुख्य मार्ग स्थित शुभम के मार्ट के पास नालों से की गई अवैध छेड़छाड़ के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या पर महापौर ने तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने कहा। साथ ही संतोषीपारा एवं विशाल नगर गार्डन क्षेत्र में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जोन 8 की बैठक में जोन अध्यक्ष प्रीतम सिंह ठाकुर, एमआईसी सदस्य श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, पार्षद अमन सिंह ठाकुर, अर्जुन यादव, महेन्द्र औसर, भगतराम हरवंश, जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल, जोन 9 की बैठक में जोन अध्यक्ष गोपेश साहू, एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन, पार्षद देवदत्त द्विवेदी, श्रीमती रेणु जयंत साहू, श्रीमती सावित्री धीवर, श्रीमती प्रभा मनोज विश्वकर्मा, मोहन कुमार साहू, जोन कमिश्नर राकेश शर्मा, जोन 10 की बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. अनामिका सिंह, श्रीमती गायत्री नौरंगे, पार्षद मनोज जांगड़े, विनय प्रताप सिंह ध्रुव एवं जोन कमिश्नर मोनेश्वर शर्मा उपस्थिति रहे।

