कांग्रेस नेत्रियों ने किया फिल्म एक्ट्रेस व सांसद कंगना रनौत तथा मोहनदास का पुतला दहन

मिसाल न्यूज़

रायपुर। आपत्तिजनक बयान पर कांग्रेस नेत्रियों ने आज फ़िल्म एक्ट्रेस व सांसद कंगना रनौत तथा टी.जी. मोहनदास का पुतला दहन किया। साथ ही महिला आयोग में शिकायत भी की।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस नेशनल कोऑर्डिनेटर प्रीति उपाध्याय शुक्ला ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर में NEET परीक्षा पेपर लीक के विरोध में छात्रों एवं युवाओं- मुख्य रूप से Gen-Z द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के संदर्भ में केरल निवासी आरएसएस विचारक एवं भाजपा के पूर्व राज्य बौद्धिक प्रकोष्ठ प्रमुख टी.जी. मोहनदास ने अपने यूट्यूब चैनल  पर कई वीडियो जारी किए गए। इन वीडियो में उन्होंने अन्य बातों के साथ यह अत्यंत आपत्तिजनक बयान दिया कि प्रदर्शन में शामिल महिलाएँ/लड़कियाँ “बलात्कार पसंद करती हैं।”  उन्होंने यह भी कहा कि यदि पुलिस हटा दी जाए तो सामूहिक बलात्कार होंगे, किंतु शिकायत नहीं होगी क्योंकि ये महिलाएँ बलात्कार पसंद करती हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाने जैसे हिंसक सुझाव भी दिए। इसके अतिरिक्त, भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री सुश्री कंगना रनौत द्वारा भी जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे Gen-Z छात्र-छात्राओं, विशेषकर युवा महिलाओं, के संबंध में सार्वजनिक रूप से ऐसी टिप्पणियाँ की गईं, जिनमें उन्हें “Generation Gutter”, “ugly”, “corrupt” तथा प्रदर्शन को “filth, garbage and ugliness” जैसे शब्दों से संबोधित किया गया। ये टिप्पणियाँ प्रदर्शन में भाग ले रही छात्राओं एवं महिलाओं की गरिमा, सम्मान एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाली प्रतीत होती हैं तथा महिलाओं के प्रति अपमानजनक एवं शत्रुतापूर्ण वातावरण को बढ़ावा दे सकती हैं।

प्रीति शुक्ला ने कहा कि उपर्युक्त दोनों लोगों के सार्वजनिक बयान महिलाओं की गरिमा, सम्मान एवं संवैधानिक समानता के सिद्धांतों के प्रतिकूल प्रतीत होते हैं। अतः महिला आयोग का हस्तक्षेप अत्यंत आवश्यक है। इस संबंध में आज महिला कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू को लिखित शिकायत दी गई कि टी.जी. मोहनदास एवं कंगना रनौत द्वारा दिए गए सार्वजनिक बयानों की समुचित जांच कराई जाए। साथ ही संबंधित थाना/साइबर क्राइम प्रकोष्ठ को भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देश दिए जाएँ।

पुतला दहन में प्रीति उपाध्याय शुक्ला, ममता राय, हजरून बानो, गंगा यादव, सबा अली, कल्पना सागर, डिंपल ख़ान, पूनम पांडे सहित अन्य कांग्रेस नेत्रियां शामिल हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *