रायपुर। प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता नितिन भंसाली ने कहा कि राजनांदगांव जिले के ग्राम फुलजार में एक एथनॉल प्लांट शासकीय नियमों के विपरीत संचालित हो रहा है।
भंसाली ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि संचालित उद्योग को प्लांट संचालन से पूर्व पर्यावरण स्वीकृति (EC) जारी करने से पूर्व सबसे पहली और सबसे महत्वपूर्ण शर्त के अनुसार जहरीली गैसों के उत्सर्जन को नियंत्रित करने के लिए (CO2) प्लांट स्थापित करना अनिवार्य है। इस अनिवार्य शर्त का पालन प्लांट द्वारा नहीं किया गया। उक्त एथनॉल प्लांट विगत 2 वर्षों से नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना CO2 प्लांट लगाये स्थानीय ग्राम वासियों के जीवन के साथ खिलवाड़ करते हुए निरंतर संचालित है। भंसाली ने कहा कि इस महत्वपूर्ण शर्त का पालन किए बिना पर्यावरण विभाग द्वारा सारे नियम कायदे कानून की धज्जियां उड़ाते हुए प्लांट को CTO (संचालन की सहमति) के नवीनीकरण की कार्यवाही की जा रही है। बिना CO2 प्लांट लगाये प्लांट को CTO जारी करने से प्लांट के आस पास के ग्रामवासियों को प्लांट से निकलने वाली जहरीली गैस से गंभीर फेफड़ों, कैंसर और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियां होने का खतरा है। साथ ही आसपास कृषि भूमि भी इस से बंजर हो रही है।
भंसाली ने कहा कि विधानसभा में प्लांट से होने वाले पर्यावरण और प्रदूषण की गंभीर शिकायतों के संबंध में लगाये गए प्रश्न में पर्यावरण विभाग द्वारा गलत जानकारी विधानसभा में भेजी गई।
भंसााली ने प्लांट के CTO के नवीनीकरण पर तत्काल रोक लगाने की मांग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्य सचिव, पर्यावरण सचिव से की है।

