रायपुर में बोले अमित शाह- छत्तीसगढ़ में सरकार बदल दो, चुटकी में नक्सलवाद खत्म हो जायेगा

0 ‘मोदी @ 20’ पर सेमिनार

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 साल के सफर पर आधारित पुस्तक ‘मोदी @ 20’  पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित सेमिनार को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी जी का नाम और काम सारा देश जानता है। दुनिया जानती है। हमारे यहां परिवारवाद नहीं चलता। तुष्टीकरण नहीं चलता। देश की राजनीति अब बदल चुकी है। शाह ने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बदल दो, नक्सलवाद चुटकी में खत्म हो जाएगा।

अपने संबोधन में अमित शाह ने कहा कि देश में नक्सलवाद खत्म हो रहा है। छत्तीसगढ़ में भी यह खत्म होगा। मोदी जी ने देश को 8 साल तक भ्रष्टाचार विहीन सरकार दी है। आज तक विपक्ष हमारे खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप साबित नहीं कर सका। मोदी जी को लोगों ने अनेक रूप में देखा है। कोई उन्हें गरीबों को बिजली पानी राशन स्वास्थ्य सुविधा देने वाले के रूप में देखता है। कोई विकास की राजनीति करने वाले के रूप में देखता है। कोई योग को सारी दुनिया में फैलाने वाले तपस्वी के रूप में देखता है। उन्हें शब्दों में बांधना मुश्किल है। मोदी जी ने 50 साल के सार्वजनिक जीवन में केवल दूसरों के लिए सोचा है। दूसरों के लिए काम किया और उनके 20 साल के सत्ता के जिस सफर पर इस पुस्तक में विशिष्ट लोगों ने अनुभव व्यक्त किए हैं, वह सारी दुनिया के सामने है। मोदी जी के प्रधानमंत्रित्व काल में 2 राष्ट्रपति चुनाव का अवसर मिला है। सबसे पहले उन्होंने गरीब परिवार के रामनाथ कोविंद जी को राष्ट्रपति के रूप में सम्मान दिलाया और इस बार गरीब से गरीब परिवार की आदिवासी महिला श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनाया। मोदी जी ने भारत माता का सम्मान सारे विश्व में बढ़ाया है। वह विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं। उनके नेतृत्व में भारत ने विकास की वह ऊंचाई स्पर्श की है, जिनकी कभी कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। मोदी जी पर आधारित पुस्तक से लोगों को प्रेरणा मिल सकती है। मार्गदर्शन मिल सकता है। इसलिए इस पुस्तक को आम लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए। मोदी के मार्ग पर लोग चल पड़ते हैं तो इससे देश का बहुत कल्याण होगा। मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में सबसे बड़ा परिवर्तन यह आया है कि 60 करोड़ लोगों को यह एहसास हुआ है कि उनका भी कोई अस्तित्व है। उन्होंने करोड़ों लोगों के बैंक खाते खुलवाए। उन तक सारी सुविधाएं पहुंचाई। देश में कई करोड़ लोग ऐसे थे, जिनके पास घर ही नहीं था। जिनके पास घर था तो शौचालय नहीं था। ऐसे गरीब लोगों को उन्होंने घर दिलाया। शौचालय बनवाया। उन्होंने माताओं बहनों को सम्मान दिलाया। कई करोड़ लोग ऐसे थे जो कंडे जलाकर खाना बना रहे थे। कई करोड़ लोगों के घर में बिजली नहीं थी। ऐसे लोगों के जीवन में मोदी जी ने क्रांतिकारी बदलाव लाया है। पहले गरीबी हटाओ के नारे लगते थे। गरीबों के घर जाकर खाना भी खाते थे। लेकिन गरीबी नहीं हटी। मोदी जी ने उन्हीं गरीबों को एहसास करा दिया कि गरीबी कैसे हटती है और गरीब का भला कैसे होता है। मोदी जी ने गरीबों को देखा है। गरीबी को देखा है। अनुभव किया है और गरीबों के लिए उनके मन में जो सोच है, उसे उन्होंने अमल में लाकर गरीबों के कल्याण की योजनाएं साकार की हैं। कोरोना महामारी के समय उन्होंने विश्व में अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश में ही वैक्सीन बनवाई और देश के साथ साथ दुनिया के अनेक देशों में पीड़ित मानवता को मदद पहुंचाई।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने कहा कि जिस तरह तुलना के लिए ईसा पूर्व और ईसा के बाद पर चर्चा होती है उसी तरह देश में मोदी के पहले और मोदी के सत्ता में आने के बाद आए परिवर्तन पर तुलना होती है। मोदी जी ने देश और देशवासियों को नई दिशा दी है। उनके जैसा सार्वजनिक जीवन किसी भी अन्य प्रधानमंत्री का नहीं रहा। उन्होंने हमेशा देश के विकास और देशवासियों के कल्याण के लिए प्रयास किया है और करते रहेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री तथा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर कहा कि हम सभी कार्यकर्ता उन्हें बेहद नजदीक से जानते हैं। मोदी जी तथा अमित शाह जी की रणनीति का चमत्कार है कि 2014 और 2019 में देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस विपक्ष में नेता पद पाने के लायक भी नहीं रही। आज राज्यसभा में भी भाजपा के सर्वाधिक सांसद हैं। मोदी जी ने देश और देशवासियों के लिए जो किया है वह अभूतपूर्व है।

कार्यक्रम में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती रेणुका सिंह, सांसद सुनील सोनी सहित सभी सांसद, विधायक एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश मंत्री ओ.पी. चौधरी और आभार प्रदर्शन सासंद सुनील सोनी ने किया।

इस आयोजन में मोदी@20 के संयोजक ओ.पी. चौधरी, दीपक म्हस्के, शताब्दी पांडे, नलिनीश ठोकने, पंकज झा एवं अनुराग अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *