‘कैट’ छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि- ऐतिहासिक ‘व्यापारी कर संवाद’ को मिला गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड… मुख्यमंत्री ने की सराहना…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स  ‘कैट’ की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा आयकर विभाग के सहयोग से आयोजित प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ अभियान ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। ‘एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद’ की अभिनव अवधारणा के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक ही दिन आयोजित इस व्यापक संवाद अभियान को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में स्थान प्राप्त हुआ है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में CAIT के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने कैट की छत्तीसगढ़ टीम के साथ गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से प्रदान किया गया मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से अमर पारवानी, परमानन्द जैन, अवनीत सिंह, विजय पटेल, राम मंधान, भरत जैन, दीपक विधानी, कन्हैया गुप्ता, कान्ति पटेल, एवं रतनदीप सिंह उपस्थित थे। (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, परमानंद जैन, सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज,  अवनीत सिंह, विजय पटेल, राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से कहा कि  यह सम्मान केवल एक विश्व रिकॉर्ड नहीं, बल्कि व्यापारी समाज और आयकर विभाग के बीच विश्वास, संवाद एवं सहयोग की नई संस्कृति को स्थापित करने वाली CAIT छत्तीसगढ़ की अभिनव पहल की राष्ट्रीय पहचान है। गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की ओर से क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती सोनल शर्मा एवं राजेश शर्मा ने अमर पारवानी एवं CAIT छत्तीसगढ़ की टीम को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।

व्यापारी और विभाग के  बीच

विश्वास की जीत- अमर पारवानी

CAIT के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ की यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है। CAIT छत्तीसगढ़ ने इस पहल के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि व्यापारी और विभाग एक-दूसरे के सामने नहीं, बल्कि प्रदेश की आर्थिक प्रगति के लिए एक-दूसरे के साथ खड़े साझेदार हैं। ‘एक प्रदेश-एक दिन-एक संवाद’ की अवधारणा अपने आप में अनूठी थी। प्रदेश के विभिन्न प्रमुख जिलों में एक ही दिन व्यापारियों और आयकर विभाग के अधिकारियों के बीच प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया गया। व्यापारियों को आयकर संबंधी प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं अनुपालन की जानकारी देने के साथ उनकी जिज्ञासाओं और व्यावहारिक समस्याओं को सीधे विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस पूरे अभियान की आधारशिला जानकारी, जागरूकता, मार्गदर्शन और समाधान के चार स्तंभों पर रखी गई थी। इसका उद्देश्य व्यापारियों के मन में कर व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की आशंका को दूर कर सरल जानकारी, सहज मार्गदर्शन और सकारात्मक संवाद का वातावरण तैयार करना था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *