कांग्रेसी नेता और मंत्री भर्ती माफिया बनकर छात्रों के भविष्य से कर रहे खिलवाड़ : गौरीशंकर श्रीवास

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि एक तरफ राहुल गांधी देशभर में घूम-घूमकर ‘मोहब्बत की दुकान’, संविधान की दुहाई और छात्र हित की बात करते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी ही पार्टी के नेता और मंत्री भर्ती माफिया बनकर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। श्रीवास ने उत्तराखंड में वर्ष 2016 के दौरान कांग्रेस शासनकाल में हुए अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) के ग्राम पंचायत विकास अधिकारी भर्ती घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि सुरक्षित ओएमआर शीट को निजी एजेंसी को सौंपकर और खाली सीटों को भरकर लाखों युवाओं के सपनों पर पानी फेरा गया।

एकात्म परिसर में आज प्रेस वार्ता में  श्रीवास ने कहा कि 10 सितंबर को प्रवर्तन निदेशालय ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के तत्कालीन ओएसडी चंदन सिंह जीना के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोना और रोलेक्स, राडो, मोवाडो तथा टिसॉट जैसी बेहद महंगी घड़ियों का संग्रह बरामद हुआ। यह अकूत संपत्ति युवाओं के हक को मारकर और भर्ती परीक्षा में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी कर जुटाई गई है। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद अब यह दलील दी जा रही है कि जब्त रकम पार्टी का चंदा है। भाजपा की जाँच एजेंसियों से मांग है कि जिस-जिस मद से यह कथित चंदा आया है, उन आधिकारिक बैंक खातों की गहन जाँच की जाए और दानदाताओं के नाम सार्वजनिक किए जाएँ। श्रीवास ने सवाल उठाया कि क्या यह कांग्रेस का कोई खास ‘चंदा मॉडल’ है, जिससे गांधी परिवार के ऐशो-आराम की व्यवस्था की जा रही है? उन्होंने कहा कि अपने तीन साल के कार्यकाल में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के संरक्षण के बिना उनका ओएसडी इतने बड़े घपले को अंजाम नहीं दे सकता था। अब जाँच से बचने के लिए इस्तीफे का नाटक किया जा रहा है, जिसे जनता स्वीकार नहीं करेगी। श्रीवास ने जाँच एजेंसी से मांग की कि इस पूरे भर्ती घोटाले की निष्पक्ष और पूरी जाँच हो तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भी गिरफ्तार कर मामले की तह तक जाया जाए। साथ ही इस मुद्दे पर रहस्यमयी चुप्पी साधे हुए राहुल गांधी स्पष्टीकरण दें।

श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने भ्रष्टाचार का एक नया मॉडल खड़ा कर दिया है, जिसे योजनाबद्ध तरीके से चलाया जा रहा है। कर्नाटक सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जारकीहोली और उनके परिवार की विदेशों में संपत्तियां और निवेश सामने आए हैं। ईडी के छापों में बरामद दस्तावेजों से साफ हो गया है कि कांगो की गोल्ड माइनिंग कम्पनी (मैग्नीट्यूड स्टार आरएसएल) में सतीश जारकीहोली की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसके अलावा जाम्बिया की कम्पनियों में भी निवेश के सबूत मिले हैं। इस पूरे मामले में जारकीहोली की सांसद बेटी प्रियंका जारकीहोली, बेटे राहुल और बहन महादेवी के नाम विदेशी निवेश दस्तावेजों में शामिल हैं। बेंगलुरु और बेलगावी में 21 ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान करीब 3.30 करोड़ रुपये की अघोषित नकदी और 15 लाख मूल्य की विदेशी मुद्रा (यूरो/डॉलर) बरामद की गई है। श्री श्रीवास ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में एनएच-74 भूमि अधिग्रहण घोटाले के तहत किसानों के खातों से 5 करोड़ रुपये सीधे कांग्रेस के चुनावी खाते में ट्रांसफर किए जाने के प्रमाण ईडी ने पेश किए हैं।

प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह संयोजक प्रवीण साहू मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *