मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने नगर निगम के जोन कमांक 9 अंतर्गत फुण्डहर गौधाम में गौवंश की सुरक्षा रखरखाव और शेड के शीघ्र निर्माण हेतु 25 लाख का स्वेच्छानुदान स्वीकृत किया है। मंत्री ने महापौर श्रीमती मीनल चौबे की मांग पर यह राशि स्वीकृत की। महापौर ने प्रभारी मंत्री को नगर निगम की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया है।
उल्लेखनीय है कि विगत दिनों महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने पार्षदों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में जोन 9 अंतर्गत फुण्डहर गौधाम अचानक पहुंचकर वहां की व्यवस्था निरीक्षण किया था। अव्यवस्था को दूर कर गौवंश की सुरक्षा रखरखाव और आवश्यक प्रबंधन तत्काल अस्थायी रूप से करवाने के कड़े निर्देश महापौर ने संबंधित अधिकारियों को दिये थे। महापौर के निर्देश पर फुण्डहर गौधाम में तत्काल अस्थायी प्रबंधन के रूप में गौवंश की सुरक्षा एवं रखरखाव हेतु तालपत्री की व्यवस्था की गई। महापौर ने इस संबंध में प्रभारी मंत्री केदार कश्यप से मिलकर उन्हें निगम क्षेत्र के गौधामों में गौवंश की सुरक्षा रखरखाव एवं शेड निर्माण स्थायी रूप से करने आवश्यक राशि स्वीकृत करने हेतु मांग पत्र सौंपा था। 25 लाख की स्वीकृति होने के बाद अब नगर निगम क्षेत्र में गौधामों में गौवंश की सुरक्षा रखरखाव एवं शेड निर्माण शीघ्र संभव हो पाएगा।

