उप मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद भी नगर निगम को कुछ नहीं हुआ हासिल-आकाश तिवारी

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने रायपुर के विकास कार्यों को लेकर राज्य सरकार और नगर निगम की महापौर परिषद पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। तिवारी ने कहा कि लगभग 50 दिन पूर्व महापौर अपने एमआईसी सदस्यों, भाजपा के समस्त पार्षदों एवं एल्डरमेनों के साथ प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं उपमुख्यमंत्री अरुण साव से उनके निवास पर मुलाकात करने गई थीं। मुलाकात का उद्देश्य राजधानी रायपुर के 70 वार्डों में सर्वांगीण विकास, पेयजल, जल-भराव, नाली, पुलिया, सड़क मरम्मत जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तत्काल फंड की मांग करना था। उप मुख्यमंत्री से उस मुलाकात के बाद अब तक नगर निगम को कुछ भी हासिल नहीं हुआ।

आकाश तिवारी ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि उप मुख्यमंत्री व्दारा महापौर श्रीमती मीनल चौबे की मांग पर रायपुर नगर निगम  को 10 करोड़ की स्वीकृति प्रदान करते हुए सभी 70 वार्डों से प्रस्ताव मंगाने के निर्देश दिए गए थे। सभी 70 वार्डों के पार्षद अपने-अपने वार्डों के विकास का प्रस्ताव बनाकर जोन कार्यालयों में जमा कर चुके हैं। प्रति वार्ड लगभग 10 लाख रुपये का प्रस्ताव मांगा गया था। आज 50 दिन से अधिक बीत जाने के बाद भी उस प्रस्ताव की प्रशासनिक या आधिकारिक स्वीकृति मिली या नहीं, इसकी कोई जानकारी निगम को नहीं है। जानकारी के अनुसार 10 करोड़ में से 7 करोड़ 70 वार्डों में खर्च होने हैं और शेष 3 करोड़ महापौर परिषद द्वारा कहां खर्च किए जाएंगे, इसका कोई ब्यौरा सार्वजनिक नहीं है। पिछले वर्ष भी महापौर अपनी परिषद के साथ उप मुख्यमंत्री से मिली थीं। तब प्रत्येक वार्ड में 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा हुई थी। प्रस्ताव 50-50 लाख के मांगे गए थे, लेकिन स्वीकृति कहीं पर 20 से 30 लाख तो कहीं पर कहीं 35 लाख की हुई थी। प्रति वार्ड 10 से 15 लाख रुपये का हिसाब बाकी है।

तिवारी ने कहा कि क्या रायपुर की नगर निगम सरकार सिर्फ कागजों पर प्रस्ताव बनाकर खानापूर्ति कर रही है? राजधानी की जनता गड्ढों वाली सड़कों, जल-भराव, टूटी नालियों, जर्जर पुलियाओं और उखड़ी गलियों से जूझ रही है। बरसात बीत रही है, लेकिन नालियों की सफाई और जल-भराव का निराकरण नहीं हो रहा है। वार्डों में एक भी नया काम शुरू नहीं हो पा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि सरकार तत्काल 10 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति जारी करते हुए 70 वार्डों में काम शुरू कराए अन्यथा कांग्रेस पार्षद दल सड़क पर उतरकर जनता की आवाज उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *