भाठागांव में सब्जी व्यवसायियों के चबूतरा आवंटन पर बवाल… आकाश तिवारी के नेतृत्व में सैकड़ों ने निगम दफ्तर के दरवाजे पर दिया धरना…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भाठागांव में सब्जी बाजार के चबूतरों के आबंटन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सैकड़ों सब्जी व्यवसायियों ने आज नगर निगम दफ्तर के बाहर जमकर नारेबाजी करते हुए धरना दिया। आंदोलन का नेतृत्व नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश  तिवारी ने किया। तिवारी ने आंदोलनकारियों को साथ लेते हुए निगम कमिश्नर संबित मिश्रा से चर्चा भी की। तिवारी ने बताया कि निगम कमिश्नर ने आश्वस्त किया है कि 7 दिन के भीतर चबूतरों के लॉटरी आवंटन के समस्त दस्तावेज और पूरी वीडियोग्राफी सामने लाई जाएगी। उनके द्वारा स्वयं उस स्थल का निरीक्षण भी किया जाएगा जिसे लेकर अनेकानेक सवाल खड़े हो गए हैं।

निगम मुख्यालय के बाहर हुए धरना आंदोलन में अपने संबोधन में आकाश  तिवारी ने कहा कि नगर निगम के द्वारा भाठागांव सब्जी बाजार के गरीब सब्जी व्यवसायियों को बलपूर्वक बेदखल कर उनके व्यापार को उजाड़ दिया गया। उजड़े हुए न सिर्फ ये लोग वर्षों से बल्कि उनके पूर्वज भी वहां सब्जी बेचते रहे थे। ये व्यापारी कोई अतिक्रमणकारी नहीं  हैं। ये रायपुर के स्थानीय निवासी हैं, जो छोटा-बड़ा व्यापार कर अपने परिवार की रोजी-रोटी चलाते आ रहे हैं। नगर निगम का काम व्यवस्थापन देना है, उजाड़ना नहीं। कल नगर निगम ने उनका आशियाना उजाड़ दिया। क्या नगर निगम सिर्फ बेदखली करेगा या उनके हित की भी सोचेगा?”

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि निगम प्रशासन से इन आंदोलनकारियों का सवाल है कि भाठागांव सब्जी बाजार के चबूतरों का लॉटरी आवंटन बंद कमरों में गुपचुप तरीके से क्यों किया गया? लॉटरी की प्रक्रिया में सभी पात्र व्यापारियों को क्यों शामिल नहीं किया गया? जिन लोगों को चबूतरा आवंटित किया गया है, उनकी सूची में सफेद व्हाइटनर लगाकर नाम बदले गए हैं – क्या यह नियम विरुद्ध और भ्रष्टाचार नहीं है? चबूतरों के आवंटन में भारी अनियमितता है – किसी को 4 फीट, किसी को 6 फीट तो किसी को 10 फीट दिया गया, यह कौन सी आवंटन पद्धति है?

धरना आंदोलन में प्रमुख रुप से पूर्व पार्षद सतनाम पनाग,  ब्रम्हा सोनकर, टीकम सोनकर, मनोज सोनकर, विकास लंगोट, जय सोनकर, ओंकार सोनकर, संतोष सोनकर, रूपेश सोनकर, करण सोनकर, श्रीमती गुंजा सोनकर, श्रीमती अंजू सोनकर, श्रीमती रामदुलारी, भागवत सोनकर, छन्नू सोनकर, गौरव राजा सोनकर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *