राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 से, कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर में होगी समाप्त

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में होने जा रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू होने जा रही है। यह जम्मू कश्मीर में समाप्त होगी। यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से होकर गुजरेगी। 3,500 किमी से अधिक की यह यात्रा लगभग 150 दिनों में पूरी होगी।

कुमारी शैलजा ने आज राजीव भवन में पत्रकार वार्ता में कहा कि  मर तोड़ महंगाई को नियंत्रित करने में सरकार की पूर्ण असफलता के खिलाफ कांग्रेस द्वारा 4 सितंबर को दिल्ली में ‘महंगाई पर हल्ला बोल’ रैली की गई थी। रैली में मांग की गई थी कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महंगाई पर लगाम लगाकर देश की जनता को राहत देने के लिए तत्काल कार्रवाई करें। सात सितंबर को शुरू हो रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के साथ हम इस दिशा में अगला कदम उठाने जा रहे हैं। इस यात्रा में भारत के सामने मौजूद गंभीर विषयों पर देशवासियों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा के पीछे तीन प्रमुख कारण हैं। पहला आर्थिक असमानताएं हैं। दूसरा सामाजिक भेदभाव है। तीसरा राजनीतिक तौर पर ज़रूरत से अधिक केंद्रीकरण होना है।

कुमारी शैलजा ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा के लिए देश भर से ऐसे 118 भारत यात्रियों का चयन किया गया है जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक चलेंगे। इसके अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस समितियां उन राज्यों से जहां से यात्रा गुजरेगी 100 प्रदेश यात्रियों और अन्य राज्यों से अतिथि यात्रियों का चयन कर रही हैं। यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। हम अपनी वेबसाइट www.bharatjodoyatra.in पर नियमित रूप से यात्रा के मार्ग और सार्वजनिक कार्यक्रमों के बारे में कम से कम तीन दिन पहले अवगत करने का प्रयास करेंगे। यात्रा में हर वक्त 300 मूल यात्री होंगे। सुबह की अवधि में पार्टी की ओर से भीड़ इकट्ठा नहीं की जाएगी। दिन के दूसरे भाग में हज़ारों अन्य लोग यात्रा में साथ चलेंगे। यात्रा में भाग लेने के लिए वेबसाइट www.bharatjodoyatra.in पर पंजीयन करवाया जा सकता है। लगभग 40,000 से ज्यादा लोग पहले ही पंजीकरण करवा चुके हैं। भारत जोड़ो यात्रा के साथ चलकर, राज्य-स्तर की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होकर या ऑनलाइन भाग लेकर इससे जुड़ सकते हैं।

7 सितंबर को सुबह करीब 7 बजे श्रीपेरुंबुदूर में राहुल गांधी पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के स्मारक पर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे। दोपहर 3 बजे से 4 बजे के बीच राहुल गांधी तिरुवल्लुवर स्मारक, विवेकानंद स्मारक और कामराज स्मारक पर जाकर श्रद्धांजलि देंगे। 4 बजे के क़रीब महात्मा गांधी मंडपम पर एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद वहां राष्ट्रीय ध्वज हस्तांतरण का कार्यक्रम होगा। इसके बाद राहुल गांधी और भारत जोड़ो यात्री महात्मा गांधी मंडपम से बीच रोड तक मार्च करेंगे। शाम 5 बजे से 6:30 बजे के बीच भारत जोड़ो यात्रा की औपचारिक शुरुआत के लिए बीच रोड पर एक जनसभा का आयोजन होगा। 8 सितंबर को सुबह 7 बजे कन्याकुमारी के अगस्तीस्वरम में विवेकानंद इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटेक्निक के मैदान से पदयात्रा प्रारंभ होगी। तमिलनाडु और पूरे देश से कांग्रेस नेताओं के साथ-साथ कुछ अन्य राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों के लोग भी इसमें शामिल होंगे। भारत जोड़ो यात्रा की एक साथ शुरुआत के लिए 7 सितंबर को शाम 5 बजे राज्यों की राजधानियों, ज़िला और ब्लॉक मुख्यालयों में कार्यक्रम किए जाएंगे। 8 सितंबर को राज्यों की राजधानियों और अन्य प्रमुख शहरों से पदयात्राएं निकाली जाएंगी।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री संगठन अमरजीत चावला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, विधायक देवेन्द्र यादव, घनश्याम राजू तिवारी, सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, नितिन भंसाली, अमित श्रीवास्तव एवं अजय गंगवानी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *