भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार 9 को आएंगे नड्डा, रोड शो के साथ कार्यकर्ता सम्मेलन होगा

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व संभालने के बाद जगत प्रकाश नड्डा पहली बार 9 सितंबर को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। पूर्व में छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश प्रभारी रह चुके नड्डा पार्टी के सांसदों एवं विधायकों की बैठक लेने के अलावा राजधानी रायपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। आगमन पर उनका रोड शो भी होगा।

एकात्म परिसर में पत्रकार वार्ता में उक्ताशय की जानकारी देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव ने बताया कि नड्डा के आगमन की तैयारियों को लेकर विधानसभा से लेकर जिला स्तर तक बैठकें हो चुकी हैं। नड्डा छत्तीसगढ़ के लंबे समय तक प्रभारी रहे हैं और हम सभी कार्यकर्ताओं को उनके साथ काम करने व बहुत कुछ सीखने का अवसर भी प्राप्त हुआ है। उनका छत्तीसगढ़ के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय जुड़ाव रहा है और वे प्रायः  पार्टी के सभी लोगों से परिचित हैं। नड्डा का आगमन 9 सितंबर को सुबह 11 बजे स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में होगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता अलग अंदाज में राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करेंगे व मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से उनके वाहन के आगे चलते हुए माना विमानतल से पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक तेलीबांधा पहुंचेंगे। दीदयाल उपाध्याय चौक तेलीबांधा से नड्डा का काफिला भव्य रोड शो के रूप में प्रस्थान करेगा। रास्ते भर भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। रोड शो भाजपा जिला कार्यालय एकात्म परिसर में समाप्त होगा। वहां से नड्डा साइंस कॉलेज मैदान कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए रवाना होंगे, जहां हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। कार्यकर्ता सम्मेलन के उपरांत वे प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर प्रस्थान करेंगे। वहां वे भाजपा कोर ग्रुप, प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों व विधाायकों की बैठक लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *