■ अनिरुद्ध दुबे
पिछले कुछ दिनों से बंटी और बबली की कहानियां अख़बारों की सुर्खियां बनी हुई हैं। ‘क्राइम पेट्रोल’ सीरियल वालों को इनकी कहानियों का पता चले तो पांच-छह एपिसोड तो इन्हीं पर बन जाएंगे। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई, कोरबा, जगदलपुर- कोई तो ऐसा शहर बचा हो जहां बंटी बबली ने अपना जाल न फेंका हो। राजधानी रायपुर में तो अध्यात्म से गहराई से जुड़ी और बड़ी राजनीतिक पहुंच रखने वाली एक मैडम तक इनके झांसे में आ गईं। रायपुर के वीआईपी रोड में मैडम की काफ़ी बड़ी प्रापर्टी है। मैडम कभी वहां ध्यान शिविर लगाया करती थीं। मैडम का जब ज़्यादा समय दूसरे प्रदेश में गुरुजी के सानिध्य में कटने लगा तो उन्हें लगा कि प्रापर्टी का सदुपयोग किसी और सही काम में हो जाए, जिससे पैसे की आवक भी बनी रहे। किसी थर्ड पार्टी पर भरोसा कर मैडम भी इन बंटी बबली के घेरे में आ गईं। मैडम ने बंटी व बबली को यह कहते हुए प्रापर्टी किराये पर दी थी कि “आप जो भी बिजनेस करें उसमें धर्मार्थ व परमार्थ का समावेश हो।“ मैडम व्दारा कही गई हर बात पर बंटी ने ज़वाब “हां माताजी, जी माताजी” कहकर दिया था। प्रापर्टी में घुसपैठ होते ही कहां का धर्मार्थ और कहां का परमार्थ! जिस जगह पर कभी लोग मेडिटेशन करते हुए अलौकिक दुनिया में पहुंच जाते थे वहां हॉटल खुलने के साथ शरीर की मालिश का काम शुरु हो गया। बताते हैं क्या नेता, क्या अफ़सर, क्या बिजनेसमेन- बंटी ने हिडन कैमरे से कितनों का ही वीडियो बनवा लिया। जब माता जी तक तरह-तरह की कहानियां पहुंचने लगीं उनके कान खड़े हो गए। माताजी ने साफ़ शब्दों में बंटी-बबली से कहा कि “एग्रीमेंट की अवधि समाप्त हो चुकी, जगह खाली कर दो।“ बंटी और बबली पर इस बात का कहां असर होना था। बताते हैं माताजी को बंटी यह कहने से बाज नहीं आया कि “मुझसे बड़ा कोई गुंडा नहीं, जो उखाड़ना है उखाड़ लो।“ माताजी भी कोई छोटी-मोटी हस्ती तो हैं नहीं। दूर से गुरुजी के आशीर्वाद का ऐसा असर हुआ कि सलाखों के पीछे बंटी फिट, उसके बाद बबली भी फिट। अब और भी जगह इनके खिलाफ़ धोखाधड़ी, ब्लेकमेलिंग व जान से मारने की धमकी के मामले जो दर्ज़ हो रहे वो अलग।
थोड़ी कहां, जमकर
पी शराब…
मशहूर ग़ज़ल गायक पंकज उधास का गाया हुआ है, जिसे चाहे ग़ज़ल कह लें या कुछ और, बरसों से न जाने कितने ही लोगों की ज़ुबां पर चढ़ा हुआ है और कितनी ही महफ़िलों में इसे गाया जाता है।
बोल हैं-
“हुई महंगी बहुत ही शराब
के थोड़ी-थोड़ी पिया करो…”
क़ाश छत्तीसगढ़ के मदिरा प्रेमी पंकज उधास जी की गायकी के इस भाव को समझ पाते। इस बार के दिवाली वाले हफ्ते में प्रदेश में हुई शराब की बिक्री ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। बताते हैं ऐसी बिक्री होली वाले महीने में ही देखने मिला करती थी। बरसों पहले ब्रेवरेज कार्पोरेशन के पद पर रहे एक सीनियर लीडर ने कोई यूं ही नहीं कह दिया था कि “देश में सबसे ज़्यादा शराब की ख़पत के मामले में छत्तीसगढ़ तीसरे नंबर पर आता है।“ उसी ब्रेवरेज़ कार्पोरेशन में एक और अध्यक्ष रहे थे जिन्होंने राजधानी रायपुर के कुछेक जगह पर महात्मा गांधी तस्वीर वाली होर्डिंग्स टंगवा रखी थी, जिसके माध्यम से संदेश देने की कोशिश की गई थी कि “नशा बर्बादी की जड़ है।“ वैधानिक चेतावनी तो सिगरेट के पैकेट के ऊपर भी लिखी रहती है कि “सिगरेट पीना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है”, पर उसे पढ़कर कोई क्या सिगरेट पीना छोड़ देता है? शराब के साथ भी वैसा ही है। 6 से 13 नवंबर के बीच दिवाली वाले हफ्ते में आलम यह रहा कि छत्तीसगढ़ में शराब की बिक्री 300 करोड़ पार कर गई।
कह रहे, तो मान ही
लो स्वच्छता में नंबर 1
रायपुर नगर निगम को स्वच्छता में छत्तीसगढ़ राज्य में प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इस पुरस्कार को ग्रहण करने के बाद से प्रतिक्रियाओं की बाढ़ सी आ गई। रायपुर शहर के दिलदार लोगों का दिल मानने को तैयार नहीं है कि हम स्वच्छता में इतने आगे बढ़ चुके। दिलदार लोगों को कौन समझाए कि मान लेने में क्या है। भई कहने वाले कह रहे हैं, लिखने वाले लिख रहे हैं, दिखाने वाले स्क्रीन पर दिखा रहे हैं तो मान ही लो। पिछली बार के महापौर एजाज़ ढेबर तो रायपुर शहर के भीतर रशिया की भांति मोनो रेल चलवाने की घोषणा तक कर डाले थे। यही नहीं मोनो रेल चलवाने रुस की न जाने कौन सी एजेन्सी से उन्होंने एमओयू तक कर लिया था। सोचने वाले सोचते रहें, बोलने वाले बोलते रहें, एजाज़ ने वही कहा जो उन्हें अच्छा लगा था। मुख्यमंत्री रहते हुए में अजीत जोगी ने भी तो कहा था कि “हवाई जहाज के काफ़ी ऊंचाई पर पहुंचने के बाद जब मैं विंडो से झांककर देखता हूं तो रायपुर शहर स्वीट्जरलैंड की तरह ख़ूबसूरत नज़र आता है।“
क्या वाकई निगम से
92 करोड़ लेना बनता है
रायपुर शहर की स्वच्छता इन दिनों भारी चर्चा में है। स्वच्छता में अव्वल रहने का दिल्ली में पुरस्कार जो मिला है। इस बार की दिवाली में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन को लेकर ख़ूब सवालिया निशान लगे! कितने ही मोहल्ले ऐसे रहे जहां ऐन त्यौहार के वक़्त कचरा लेने वाली गाड़ी एक दिन की आड़ में घरों के दरवाज़े पर पहुंचती नज़र आई, जबकि आना रोज़ था। कचरा कलेक्शन करने वाली कंपनी रायपुर नगर निगम पर जिस बकाया राशि का दावा कर रही है उसका आंकड़ा सुनकर कोई भी चौंक जाए! कंपनी से जुड़े लोगों का कहना है कि रायपुर नगर निगम से हमारा 92 करोड़ लेना बनता है!
मिस्टर क्लीन
सफ़ाई व्यवस्था के नाम पर ज़बरदस्त आलोचना झेल रहे रायपुर शहर में पोस्टेड मिस्टर क्लीन इन दिनों चर्चा में हैं। नीचे काम करने वाले अफ़सर बड़े ही सम्मान भाव के साथ कहते हैं कि “साहब हैं तो ईमानदार, दिक्कत यह है कि कुछ मातहतों ने साहब को घेरे में ले रखा। यही कारण है कि साहब की ज़्यादातर लोगों से पटरी नहीं बैठ पा रही है।” कुछ ही दिनों पहले की बात है। एक वज़नदार मंत्री ने साहब को कोई काम बताया। काम ज़रा टेढ़ा था। साहब ने मंत्री जी को स्पष्ट शब्दों में कह दिया कि “सर यह मुझसे नहीं हो पाएगा।“
महंगी पड़ी बधाई
कोई मंत्री, सांसद या विधायक रहे तो उसके जन्म दिन पर शुभचिंतक बनकर होर्डिंग्स व फ्लैक्स टंगवाने वाले कितने ही मिल जाते हैं। जहां आपकी सांसदी-विधायकी किनारे लगी नहीं कि लोगों को किनारा काटने में टाइम नहीं लगता। रायपुर शहर के एक हाई प्रोफाइल नेता हैं जो कभी विधायक हुआ करते थे। जब वे विधायक रहे लोगों ने उनको ख़ूब हाथों हाथ लिया, जब विधायकी गई तो वही बचे जो हमेशा से उनके इर्द-गिर्द नज़र आते रहे हैं। कुछ हफ्ते पहले उनका जन्म दिन पड़ा। नेता जी को लगा कि चुनाव को क़रीब 2 साल बचा रह गया है। कुछ तो माहौल बनना शुरु हो। नेताजी ने उन लोगों से संपर्क साधा जो विधायक रहते हुए में कभी उनके नाम के होर्डिंग्स-फ्लैक्स टंगवाए थे। नेताजी ने उन लोगों से कहा अभी अपने खर्चे से बधाई संदेश टंगवा दो फिर हफ्ते-दस दिन बाद मेरे इन-इन लोगों से पैसा ले लेना। नेताजी की बात को रखते हुए लोगों ने बधाई संदेश टंगवा भी दिया। हफ्ते-दस दिन बीते, बधाई संदेश टंगवाने वालों ने नेताजी के क़रीबी उन लोगों से संपर्क साध कर एकाउंट में पैसा डलवाने का अनुरोध किया। नेताजी के क़रीबी भी बड़े खिलाड़ी जो ठहरे, शुरु में तो लेनदारों का फोन उठाते रहे, बाद में उठाना ही बंद कर दिया। बधाई संदेश टंगवाने वाले अब जाकर समझे कि बुरे फंस चुके हैं।
रायपुर में कंसल्टेंट
एजेन्सियों का मकड़जाल
छत्तीसगढ़ में इन दिनों कंसल्टेंट एजेन्सियां ताबड़तोड़ कमाई कर रही हैं। उस पर भी इनका सबसे ज़्यादा मकड़जाल राजधानी रायपुर में फैला हुआ है। सारा खेल एजेन्सियों व साहब लोगों के बीच होता है। मामला सेटिंग का है। कोई कंसल्टेंट एजेन्सी किसी साहब के परिवार का शानदार फैमिली टूर करवा देती है तो कोई और तरह की सेवा उपलब्ध करा देती है। कहीं किसी तरह का मैकेनिज़्म तो होता नहीं। एक साहब ने किसी कंसल्टेंट कंपनी को काम पर लगा दिया तो फिर वह परंपरा ही बन जाती है। सारा खेल ऐसी गोटियां बिठाकर खेला जाता है कि सारा काम एक नंबर पर दिखता है। बदनामी का दाग़ भी नहीं लगता। लेकिन पर्दे के पीछे का असली खेल क्या है, यह समझने वाली बात है!

