मिसाल न्यूज़
रायपुर। फुंडहर गोठान में गायों को बहुत खराब स्थिति में रखने वाले वहां के प्रभारी एवं कुछ अन्य लोगों ने आज नगर निगम की टीम के साथ बदसलूकी की। निगम कमिश्नर ने तत्काल दोषी गोठान प्रभारी को हटाने के निर्देश दिए हैं।
निगम प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस गोठान में गायों को समुचित मात्रा में चारा नहीं देने तथा उचित सेवा नहीं करने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। निगम कमिश्नर मयंक चतुर्वेदी ने वहां का निरीक्षण किया था। वहां अव्यवस्था देखकर उसे सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर 27 जुलाई और 8 सितंबर को नोटिस जारी कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए थे। कल जब पुनः जांच की गई तो पहले की तरह वहां भारी अव्यवस्था पाई गई। बहुत सारी गाएं बीमार मिलीं। गोठान में गायों के उपचार हेतु पर्याप्त दवाइयां भी नहीं पायी गईं। साथ ही हरे चारे की भी व्यवस्था नहीं थी। निगम कमिश्नर मयंक चतुर्वेदी ने इसे गंभीरता से लेते हुए वहां की व्यवस्था देख रहे एक पहल नामक सामाजिक संस्था के प्रभारी विक्रांत शर्मा को हटाने के निर्देश दिये। आज जब निगम की टीम नोटिस के आधार पर विक्रांत शर्मा तथा उनके लोगों को हटाने के लिए फुंडहर गोठान पहुंची तो उनके साथ वे लोग धक्का मुक्की करने लगे। कानून व व्यवस्था की स्थिति बिगड़ते देख पुरुष तथा महिला पुलिस बल बुलाकर उन्हें हटाया गया।