वादा निभाया… पंडवानी गायिका ऊषा बारले के निवास पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह

0 22 मार्च को आने का किया था वादा, 22 जून को पूरा कर दिया

मिसाल न्यूज़

रायपुर। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान दोपहर डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर से भिलाई के जयंती स्टेडियम पहुंचे। वहां से सीधे प्रदेश की सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका पद्मश्री ऊषा बारले के निवास के लिए रवाना हुए। घर पहुंचने पर श्रीमती बारले, उनके पति अमरदास बारले, पुत्र-पुत्रियों एवं परिजनों ने पुष्पगुच्छ से शाह का भावभीना स्वागत किया। श्रीमती बारले ने बताया कि पद्मश्री अलंकरण समारोह पर उन्होंने शाह को घर पर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। केन्द्रीय मंत्री ने 3 महीने में ही अपना वादा पूरा कर दिखाया। शाह 20 मिनट तक पंडवानी गायिका पद्मश्री श्रीमती बारले के घर पर रुके। इस दौरान विभिन्न बिंदुओं पर सारगर्भित चर्चा हुई। पद्मश्री श्रीमती बारले के निवास पर केन्द्रीय गृह मंत्री ने ठेठरी, खुरमी आदि छत्तीसगढ़ी व्यंजन का लुत्फ भी उठाया। इस दौरान शाह के साथ प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह भी साथ थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *