मांगें अधूरी, मंत्रालय कर्मचारियों का हल्ला बोल

मिसाल न्यूज़

नया रायपुर। हर ज़ोर ज़ुल्म की टक्कर में-संघर्ष हमारा नारा है… काम बंद, मंत्रालय बंद… बेसुध सरकार होश में आओ… महंगाई भत्ता देना होगा… एचआरए भी देना होगा… इस तरह के नारों से आज पूरा मंत्रालय परिसर गुंजायमान रहा। मंत्रालयीन कर्मचारियों ने नारेबाजी की। धरना दिया। संघर्ष का आह्वान किया। वो सब कुछ हुआ जो हड़ताल में होता है। नहीं हुआ तो बस शासन का काम नहीं हुआ।

छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के साथ मंत्रालय संघ के आह्वान पर बड़ी संख्या में कर्मचारी अधिकारियों ने मंत्रालय में काम का बहिष्कार कर हड़ताल की। हड़तालियों का कहना था कल ही छत्तीसगढ़ सरकार की कैबिनेट ने कर्मचारियों का 5 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाया है, जबकि कर्मचारी 9 प्रतिशत लंबित महंगाई भत्ता देय तिथि से, गृह भाड़ा भत्ता सहित अन्य 5 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दे चुके थे। अधूरे भत्ते की घोषणा से कर्मचारी संगठन भड़क उठे हैं। शाम तक लगभग सभी संगठनों ने आज की हड़ताल जारी रहने का ऐलान किया। आज की हड़ताल में मंत्रालय के संयुक्त सचिव, उप सचिव, अवर सचिव, अनुभाग अधिकारी, सहायक अनुभाग अधिकारी, वरिष्ठ सचिवालय सहायक, कनिष्ठ सचिवालय सहायक और चतुर्थ श्रेणी के अधिकारी कर्मचारियों ने जोर-शोर से भाग लिया। मंत्रालय संघ के समर्थन में स्टेट गैरेज के वाहन चालक संघ ने भी हड़ताल में शामिल होने का निर्णय लिया जिससे समस्त अधिकारियों के गाड़ी के पहिए भी थम गए।

मंत्रालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार की इस निरंकुशता और कर्मचारियों को नज़र अंदाज़ करने की नीति के कारण ऐसा पहली बार हुआ है कि विधानसभा का कार्य बंद कर मंत्रालय कर्मी शतप्रतिशत हड़ताल में रहे। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार ने मांगें नहीं मानी और अधिकारियों के बनाए झूठे जाल में फंसी रही तो पुरानी सरकार की तरह ही इनका हाल होगा। हड़ताल में मंत्रालय कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष हीराचंद बघेल, सचिव कांति सूर्यवंशी, संयुक्त सचिव मनोज साहू, कोषाध्यक्ष पवन साहू, संरक्षक तीरथलाल साहू एवं तीरथलाल सेन ने भी अपने संबोधन में सरकार को चेतावनी दी और मांगों को पूरा करने को कहा।

उक्त हड़ताल में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने भी सभा को संबोधित करते हुए मंत्रालय की इस हड़ताल को ऐतिहासिक बताया। संचालनालय संघ के अध्यक्ष संतोष वर्मा, मंत्रालय के देवलाल भारती द्वारा भी कर्मचारी अधिकारियों का हौसला बढ़ाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *