कबीर पंथ के गुरु प्रकाश मुनि के नाम पर फर्जी फेस बुक आईडी… विपक्ष ने गृह मंत्री को घेरा… नेता प्रतिपक्ष ने उठाया सवाल- कानून के हाथ दोषी लोगों तक क्यों नहीं पहुंच पा रहे…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कबीर पंथ के गुरु प्रकाश मुनि के नाम पर फर्जी फेस बुक आईडी बनाकर उसमें अश्लील पोस्ट डालने का मामला आज विधानसभा में जमकर उठा। विपक्षी भाजपा विधायकों ने गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू पर कई सवाल दागे। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने सवाल उठाया कि इस मामले में कानून के हाथ दोषी लोगों तक क्यों नहीं पहुंच रहे हैं। बहस के दौरान भारी शोर शराबे वाली स्थिति भी निर्मित हुई जिसके कारण विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

शून्यकाल में भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा ने कहा कि कबीर पंथ के गुरू प्रकाश मुनि की फर्जी फेस बुक आईडी बनाकर उसमें अश्लील पोस्ट डाली जा रही है। इसकी प्रदेश के  कई थानों में रिपोर्ट हो चुकी है। राजधानी रायपुर में भी 12 जुलाई को किसी थाने में रिपोर्ट हुई है। अब तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। स्वयं गृह मंत्री कबीर पंथी हैं। पूरे देश के कबीर पंथी उव्देलित हैं। भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि फर्जी पोस्ट का यह मामला सामने आने के बाद भी छत्तीसगढ़ शासन सोया हुआ है। यह बेहद दुर्भााग्यपूर्ण है। जो भी दोषी हो उसकी तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए। इस पर गृह मंत्री का वक्तव्य आना चाहिए। भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रकाश मुनि के अपमान की यह कोई पहली घटना नहीं है। उनके आश्रम में भी कब्जे की कोशिश हुई थी। हम लोग भी निर्वस्त्र होकर दौड़ेंगे तब क्या यह सरकार जागेगी। जनता कांग्रेस विधायक प्रमोद शर्मा ने कहा कि यहां तक कि विधानसभा अध्यक्ष फैंस क्लब नाम से भी फर्जी फेस बुक आईडी बनी हुई है। उसमें भी अश्लील चीजें आ रही हैं। भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि  धर्म गुरु के नाम पर बनी फर्जी फेस बुक आईडी पर गृह मंत्री का एक वक्तव्य तक नहीं आ रहा है। वह मौन सााधे हुए हैं। इसके बाद भाजपा विधायकों ने फर्जी पोस्ट की फोटो कॉपी वाला कागज सदन में लहराया, जिस पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह गलत बात है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंंदेल ने कहा कि बड़े-बड़े फर्जी काम हो रहे हैं और कार्रवाई नहींं हो रही है। गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि कबीर पंथ के लोगों ने साइबर क्राइम ब्रांच में रिपोर्ट लिखवाई है। उस पर तत्काल कार्रवाई होगी। जिस तरह विपक्षी विधायक सदन में कागज दिखा रहे हैं हमारे पंथ का सबसे ज्यादा अपमान तो ये कर रहे हैं। गृह मंत्री के यह कहने पर भाजपा विधायक विरोध दर्ज कराते हुए शोर मचाने लगे। जवाब में सत्ता पक्ष की ओर से भी शोर शराबा होने लगा। व्यवधान उत्पन्न होते देख विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरु होने पर भाजपा विधायकों ने फिर से फर्जी आईडी का मुद्दा उठाया। गृह मंंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि हाथ जोड़कर निवेदन है इसे चर्चा का विषय न बनाएं। अजय चंद्राकर ने कहा कि आपके हाथ में तो ताकत है। ये कहें कि अभी कार्रवाई होगी। ऐसा कहेंगे तो हम मेज थपथपा कर स्वागत करेंगे। सम्मान व्यक्त करेंगे। बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि हम भी इस पर लंंबी चर्चा नहीं चाहते बल्कि यह चाहते हैं कि कार्रवाई हो। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध बढ़ रहे हैं। लोग आईडी हैक कर रहे हैं। इससे बदनामी होती है। कल के रोज हमारे और आपके भी खिलाफ कुछ ऐसा हो सकता है। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर घटना है। शासन की ओर से इस पर कोई ठोस वक्तव्य नहीं आ रहा। कानून के हाथ दोषी लोगों के गिरेबां तक क्यों नहीं पहुंच पा रहे, इस सदन के माध्यम से प्रदेश की जनता यह जानना चाह रही है। मंत्री के उत्तर आने के बाद ही कोई अगली चर्चा करेंगे। गृह मंत्री ने कहा कि इस पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *