सीएम व एचएम पर भरोसा नहीं… परिवर्तन यात्राओं की पुख्ता सुरक्षा के लिए गृह सचिव एवं डीजीपी से मिलेंगे- बृजमोहन

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं की लगातार टारगेट किलिंग हो रही है। आने वाले दिनों में भाजपा की दो परिवर्तन यात्राएं निकलनी हैं। खतरा मंडरा रहा है। भाजपा दोनों परिवर्तन यात्राओं की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक से मिलेगी।

एकात्म परिसर में आज पत्रकार वार्ता में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पूर्व में भाजपा के एक विधायक भीमा मण्डावी की हत्या की जा चुकी है। मोहला मानपुर में एक सभा में कांग्रेस विधायक की मौजूदगी में कहा गया कि भाजपा के नेता आएं तो उन्हें काट दिया जाए। कांग्रेस के लोग सत्ता में बने रहने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। इसी साल  10 फरवरी को नारायणपुर में सागर साहू, 5 फरवरी को आवापल्ली (बीजापुर) में नीलकंठ कक्केम, 16 जनवरी को बस्तर के बास्तानार में बुधराम कर्टेम, 11 फरवरी को बारसूर (दंतेवाड़ा) में रामधर अलामी तथा 21 जून को इलमिड़ी (बीजापुर) में अर्जुन काका की टारगेट किलिंग हुई। हमारे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की हत्या नक्सलवाद का बहाना बनाकर की गई है। आज तक उनके हत्यारों को पकड़ा नहीं गया है। चुन चुन कर भाजपा कार्यकर्ताओं को मारा जा रहा है। ऐसे समय पर हम डीजीपी और गृह सचिव से यात्रा की सुरक्षा की मांग करेंगे, क्योंकि हमें मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से कोई उम्मीद नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *