अपराधगढ़ बना छत्तीसगढ़… साव के नेतृत्व में राज्यपाल से मिलेगा भाजपा का प्रतिनिधि मंडल- केदार गुप्ता

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में अपराधियों पर पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है। कांग्रेस के कुशासन के चलते छत्तीसगढ़ अब पूरी तरह अपराधगढ़ बन गया है। जंगल राज कायम हो गया है। शीघ्र ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन से मिलेगा और बढ़ते अपराधों, महिला असुरक्षा आदि मुद्दों पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ शिकायत करेगा।

एकात्म परिसर में आज प्रेस ब्रीफ के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए केदार गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के राज में छत्तीसगढ़ ने अपराधगढ़ के नाम से अपनी पहचान बना ली है। आये दिन चाकूबाजी, हत्या, लूट और महिलाओं के साथ हिंसक घटनाएं हो रही हैं। प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों को सामूहिक रूप से अपराधियों द्वारा एक साथ अंजाम दिया जा रहा है। श्री गुप्ता ने कहा कि अपराधों का बढ़ता ग्राफ बताता है कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों के मन से कानून के राज और शासन-प्रशासन को खौफ खत्म हो गया है। मुख्यमंत्री बघेल ने ऐलान किया था कि महिलाओं से छेड़छाड़ और उनका उत्पीड़न करने वालों को सरकारी नौकरी नहीं मिलेगी। इसका कहीं कोई असर होते नहीं दिख रहा है। अपराधी यह मानकर चल रहे हैं कि सरकार उनसे डरकर नए-नए नियम बना रही है।

गुप्ता ने कहा कि हम सब जानते हैं कि भारतीय दंड संहिता में सारे अपराधों का उल्लेख है और उसमें सजा का प्रावधान है। लगता है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मान लिया कि अब आईएएस-आईपीएस अधिकारी भारत के संविधान का पालन अपराध रोकने के लिए छत्तीसगढ़ में नहीं कर पा रहे हैं, इसलिए नए नियम का ऐलान करके शिगूफा छोड़ा गया ताकि अपराधी डरें। छत्तीसगढ़ में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। राजधानी से लगे मंदिर हसौद में 10 लोगों ने रक्षा बंधन मनाकर लौट रहीं दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इससे पूरे प्रदेश में, परिवार, बच्चियों और महिलाओं में डर का एक माहौल पैदा हो गया है। राजधानी के सबसे पॉश इलाके देवेंद्रनगर में भी एक महिला के साथ सामूहिक बलात्कार होता है। शिक्षक दिवस के दिन एक आदिवासी शिक्षिका के साथ जशपुर जिले में सामूहिक बलात्कार होता है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन महिलाओं के साथ बलात्कार की घटना होती है। यह अपराधों की पराकाष्ठा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *