भू-पे एप्प लॉच कर केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा- छत्तीसगढ़ अब माफिया राज से चाहता है माफी

मिसाल न्यूज़

रायपुर। केन्द्रीय खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज यहां भूपे-एप को लांच करते हुए आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ सरकार में भ्रष्टाचार की खूली छूट है। सत्ता में आने के बाद से भूपेश सरकार भ्रष्टाचार के नए-नए तरीके ईजाद करती रही है। छत्तीसगढ़ में जब से कांग्रेस की सरकार आई माफिया राज चलता रहा। छत्तीसगढ़ अब माफिया राज से माफी चाहता है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज मीडिया से रूबरू होते हुए कहा कि जब से छत्तीसगढ़ बना है पहली बार ऐसी सरकार आई है जो नए-नए तरीके निकाल कर भ्रष्टाचार के नए-नए आयाम तैयार करती रही। दो नंबर की शराब कैसे बेची जाती है, कोयला परिवहन में कैसे खाया जाता है, हर मामले में भ्रष्टाचार के नए प्रयोग कैसे होते हैं यह कोई छत्तीसगढ़ सरकार से समझे। यहां के मुख्यमंत्री से सवाल है कि छत्तीसगढ़ में 36 प्रमुख वादे किए थे, वह पूरे क्यों नहीं हुए। वादे पूरे करना तो दूर, बदले में माफिया राज स्थापित कर दिया। छत्तीसगढ़ में लैंड माफिया, सैंड माफिया, शराब माफिया, ड्रग माफिया हर तरफ माफिया ही माफिया है। माफिया राज से छत्तीसगढ़ माफी चाहता है। मैंने यहां के युवाओं में जो आक्रोश देखा है, वह गवाही दे रहा है कि युवा अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। युवा प्रतीक्षा कर रहे थे कि इनका भी समय आएगा। इनको रोजगार का अवसर मिलेगा जो ढाई हजार रुपए प्रति महीना बेरोजगारी भत्ता देने कहा था,नहीं दिया। युवा उसकी ब्याज सहित वसूली करेगा। अब तक कांग्रेस के नेताओं के जरिए वसूली हो रही थी। अब महिलाएं अपने साथ हुई वादाखिलाफी के लिए ब्याज सहित बदला लेंगी।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगर किसानों की उपज के समर्थन मूल्य का निर्धारण कोई करता है तो केंद्र सरकार करती है। खरीदी भी केंद्र सरकार करती है। कांग्रेस की राज्य सरकार ने किसानों का 2 वर्ष का बकाया बोनस नहीं दिया। मंडी टैक्स हटाने कहा था, लेकिन बढ़ा दिया। गरीबों के आवास के मामले में उन्होंने कहा कि यहां पर तो राज्य का जो हिस्सा था, वह भी राज्य सरकार नहीं दे रही। उन्होंने युवाओं सहित सभी से आग्रह किया कि भू-पे लिंक से जुड़कर भूपेश बघेल सरकार के कारनामों को सबके सामने लाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया। उस समय मध्यप्रदेश ही बीमारू राज्य था। समझ सकते हैं कि उस समय छत्तीसगढ़ की क्या स्थिति रही होगी। जब यहां पर कमल खिला तो हमने विकास के नए आयाम स्थापित किए। लेकिन पिछले पांच वर्षों में छत्तीसगढ़ का क्या हाल कर दिया गया। छत्तीसगढ़ को बेहाल कर दिया। और, यह तो होना ही था।जब किसी ने गंगाजल की कसम खाकर कहा हो कि शराब मुक्त कर देंगे लेकिन घर-घर शराब पहुंचा दी। समझ सकते हैं एक तरफ मोदी जी ऑपरेशन गंगा चला कर यूक्रेन से 23000 युवा भारतीयों को सुरक्षित भारत ले आये और दूसरी तरफ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री गंगाजल की कसम खाकर क्या कर रहे हैं? दिल्ली राज्य में 200 करोड़ का शराब घोटाला हुआ तो वहां के मंत्री नेता जेल में हैं। यहां 2000 करोड़ का घोटाला हुआ तो समझ सकते हैं कि इनका क्या होगा?

अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने रोजगार तो दिया नहीं। केवल बेरोजगार बनाया। बेरोजगारी भत्ते का वादा किया था, वह भी पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि इलाज के अभाव में छत्तीसगढ़ के जनजातीय क्षेत्रों में करीब 39000 बच्चों की मौत हो गई। एक बच्चे की भी मृत्यु हो जाए तो कितना दुख होता है। यहां तो कांग्रेस के भू-पे राज में 39000 बच्चों की मृत्यु इलाज के अभाव में हुई। भूपेश सरकार ने हर वर्ग के कर्मचारियों को ठगा।  उनसे किए गए वादे पूरे नहीं किए। हर वर्ग के कर्मचारी सड़कों पर आए। उनका उत्पीड़न किया गया।

अनुराग ठाकुर ने भू-पे एप्प लॉन्चिंग की तारीफ करते हुए कहा कि भाजपा ने टेक्नोलॉजी का उपयोग करके प्रदेश की जनता को भूपेश बघेल सरकार के कारनामों से अवगत कराया है। छत्तीसगढ़ वालों को भू-पे सुनने की आदत पड़ गई है। हर रोज सुन रहे हैं कि भ्रष्टाचार करो, शराब घोटाला करो, गोठान घोटाला करो, अन्न घोटाला करो, सट्टा घोटाला करो, यूरिया घोटाला करो, पीएससी घोटाला करो और इन सब को करने के  बाद भू-पे करो। सारे घोटालों में भू-पे! कलेक्टर का काम विकास होता है। छत्तीसगढ़ में कलेक्टर को कलेक्शन में लगा दिया जाता है। यह सरकार पूरे देश में घोटाले के लिए जानी जाती है। दो नंबर में शराब कैसे बेची जाती है और पैसा कहां डाला जाता है, कोयला लाने ले जाने में कैसे दलाली ली जाती है, छत्तीसगढ़ में भू-पे सरकार से सीखा जा सकता है। ठाकुर ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आरोपों पर चुनौती देते हुए कहा कि समय और स्थान तय कर लें। एक एक विषय, मुद्दे, योजना पर हम उनसे संवाद करने के लिए तैयार हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने मीडिया संवाद सह एप लांच कार्यक्रम में कहा कि भूपेश बघेल सरकार के भ्रष्टाचार को दिखाने इस एप को आज भाजपा ने लांच किया गया। 5 साल में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार का कीर्तिमान बनाया है। कांग्रेस के घोटालों की सूची बहुत लंबी है। पीएससी में 18 पदों पर हुई नियुक्ति पर उच्च न्यायालय ने रोक लगा दी है। प्रदेश के युवाओं को महादेव एप के जरिये जुआ सट्टा में झोंका जा रहा हैं। पहले कांग्रेसी नारा लगाते थे छत्तीसगढ़ की चार चिन्हारी नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी, पर अब यह बदल गया हैं, उसकी जगह अब चोरी, बेईमानी, भ्रष्टाचारी और लबारी का नारा लगने लगा है।

प्रधानमंत्री आवास के विषय पर पूछे गए सवाल के जवाब में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि राज्य सरकार को केवल सूची बना कर देनी थी। चार बार रिमाइंडर लेटर मुख्य सचिव एवं पंचायत सचिव को केंद्र सरकार ने भेजा परंतु एक भी बार इसका जवाब यहां से नहीं दिया गया। यदि समय पर जवाब दे दिया जाता तो आज गरीबों को पक्का मकान मिलता। आज समय निकल जाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, मुख्यमंत्री आवास योजना लाए, लेकिन अब आचार संहिता लगने वाली है। अब कोई काम नहीं हो सकता। भूपेश बघेल ने गरीबों का आवास का हक छीना है ।

भाजपा के सोशल मीडिया सह प्रभारी मितुल कोठारी ने भू-पे एप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस एप को स्कैन करने पर 26 हजार करोड़ के घोटालों की जानकारी मिल जाएगी। जिससे प्रदेश की पूरी जनता अवगत होगी। कांग्रेस सरकार के काले कारनामों और भ्रष्टाचार को यह एप विस्तार से बताएगा। इस एप में छत्तीसगढ़ में हुए घोटालों को कार्टून के माध्यम से दिखाया गया है। शराब घोटाला, पीडीएस घोटाला, पीएससी में घोटाला, कोल घोटाला, के वीडियो को इसमें देखा जा सकता है।

इस दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश प्रवक्ता राजेश मूणत, पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, प्रदेश प्रवक्ता दीपक म्हस्के, केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी एवं सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *