मोदी के कृत्यों पर पर्दा डालने अनुराग ठाकुर कांग्रेस पर झूठे आरोप लगा गए… गंगा जल हाथ में लेकर कसम खाने वाले भाजपा की गोद में जा बैठे- सुशील आनंद शुक्ला

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काफी पहले झूठ बोलने की जो श्रृंखला शुरू की उसी को केन्द्र सरकार के मंत्री अनुराग ठाकुर छत्तीसगढ़ में आगे बढ़ाने आये थे। अडानी के साथ मिलकर देश को लूटने का जो सिलसिला भाजपा ने शुरू किया उस पर पर्दा डालने दूसरों पर ये झूठे आरोप लगा रहे हैं। सारा देश मोदी-अडानी की मित्रता को जान रहा है। मोदी के कृत्यों पर पर्दा डालने अनुराग ठाकुर आज कांग्रेस पर झूठे आरोप लगा गए। ये बार-बार झूठ बोलते हैं कि गंगा जल हाथ में लेकर शराब बंदी की कसम खाई गई थी। सच्चाई यह है कि गंगा जल हाथ में लेकर किसानों से कर्ज माफी का वादा किया गया था जो कि पूरा भी हुआ। और यह भी उतना ही सच है कि पूर्व केन्द्रीय मंत्री आर.पी.एन. सिंह एवं तत्कालीन कांग्रेस राष्ट्रीय प्रवक्ता जयबीर शेरगिल जो गंगा जल हाथ में लेकर यहां कसम खाए थे वे दोनों अब भाजपा की गोद में जा बैठे हैं।

राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस में सुशील शुक्ला ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर से झूठ बोला कि धान खरीदी केंद्र करती है। हकीकत यह है कि छत्तीसगढ़ में धान कांग्रेस सरकार अपने खुद के दम पर खरीदती है। धान खरीदने में केन्द्र सरकार का एक पैसे का भी योगदान नहीं है। राज्य सरकार धान खरीदी मार्कफेड के माध्यम से करती है। इसके लिये मार्कफेड विभिन्न वित्तीय संस्थाओं से ऋण लेती है तथा इस ऋण के लिये बैक गारंटी राज्य सरकार देती है। धान खरीदी में जो घाटा होता है उसको भी राज्य सरकार वहन करती है। पिछले वर्ष मार्कफेड ने लगभग 35 हजार करोड़ का ऋण धान खरीदी के लिये लिया था। मोदी सरकार तो घोषित समर्थन मूल्य से 1 रूपये भी ज्यादा कीमत देने पर राज्य सरकार को धमकाती है की वह राज्य से केन्द्रीय योजनाओं के लिये लगने वाला चावल नहीं खरीदेगी। अकेली छत्तीसगढ़ सरकार है जो अपने धान उत्पादक किसानों को देश में सबसे ज्यादा कीमत देती है। छत्तीसगढ़ के किसानों को पिछले वर्ष धान की कीमत 2640 रुपये मिली। वहां उत्तर प्रदेश, गुजरात, जैसे राज्यों में तो किसानों को धान का मूल्य 1100 रूपये मिलता है। छत्तीसगढ़ देश का अकेला ऐसा राज्य है जहां किसानों को प्रति एकड़ धान पर 9,000 रूपये तथा अन्य फसल पर 10,000 रूपये की इनपुट सब्सिडी मिलती है। कांग्रेस सरकार में चालू खरीफ सीजन में 20 क्विंटल धान की खरीदी 2800 रू. की दर पर की जायेगी।

शुक्ला ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री आवास पर भी झूठ बोला। मोदी सरकार की गरीब विरोधी नीति के कारण केन्द्र की मोदी सरकार लगातार छत्तीसगढ़ की उपेक्षा कर रही है। राज्य के प्रतीक्षारत 7 लाख आवासों की प्रतीक्षा सूची को केन्द्र लंबे समय से रोके रखा हैं, जिसके कारण राज्य आवासहीनों को परेशानी उठानी पड़ रही थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री को अनेक बार पत्र लिखकर प्रतीक्षा सूची को क्लियर करने की मांग की लेकिन राज्य के प्रति दुर्भावना के कारण भाजपा की केन्द्र सरकार ने राज्य के आवासों को लटकाये रखा। केन्द्र के इस दुर्भावनापूर्ण रवैये से राज्य की जनता को राहत देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने राज्य में अपनी आवास योजना शुरू किया है। जिसमें 7 लाख आवासहीनों को भूपेश सरकार स्वयं आवास उपलब्ध करायेगी। छत्तीसगढ़ ही नहीं पूरे देश में प्रधानमंत्री आवास योजना का आबंटन केंद्र सरकार के पास फंड की कमी के चलते रद्द किया गया है। मोदी सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना बंद करने का षड़यंत्र कर रही है। प्रधानमंत्री के गृह राज्य गुजरात में भी प्रधानमंत्री आवास योजना में मात्र 40 प्रतिशत काम हुये हैं। मध्यप्रदेश में 30 प्रतिशत हुए हैं। उत्तर प्रदेश में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। ऐसे में भाजपा नेता मोदी सरकार के नाकामी पर पर्दा डालने झूठे आरोप लगा रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा 800 करोड़ के राज्यांश के भुगतान के बाद में राज्य का आबंटन क्यों रद्द हुआ यह सवाल छत्तीसगढ़ के एक भी भाजपा सांसद ने केंद्र से पूछने का साहस नहीं दिखाया।

शुक्ला ने कहा कि महादेव एप्प पर भी अनुराग ठाकुर ने झूठ बोलकर अपने पाप को छुपाया है। महादेव एप्प को भाजपा की केंद्र सरकार का संरक्षण है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार तो महादेव एप्प पर कार्रवाई की है। एप्प पर प्रतिबंध लगाने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है। केंद्र सरकार महादेव एप्प पर प्रतिबंध क्यों नहीं लगाती? महादेव एप्प के संचालक को केंद्र सरकार दुबई में क्यों नहीं पकड़ती? महादेव एप्प मामले में देश में सबसे ज्यादा कार्रवाई छत्तीसगढ़ सरकार ने किया। नोएडा में जब छत्तीसगढ़ की पुलिस महादेव एप्प के आरोपियों को पकड़ने गई तो योगी सरकार की पुलिस ने आरोपियों को बचाने  छत्तीसगढ़ पुलिस पर कार्यवाही कर दिया था। महादेव एप्प को योगी और मोदी का सरंक्षण है।

शुक्ला ने कहा कि अनुराग ठाकुर भ्रष्टाचार पर बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे। छत्तीसगढ़ के रमन सिंह और उनके सहयोगियों के भ्रष्टाचार पर क्यों मौन हैं? रमन एंड कंपनी ने 15 सालों में 1 लाख करोड़ का घोटाला किया था। गरीबों के राशन का महाघोटाला 36,000 करोड़ के नान घोटाले की जांच क्यों नहीं करवाते? 6200 करोड़ के चिटफंड घोटाले की जांच क्यों नहीं करवाते? प्रधानमंत्री रमन राज के शराब 4400 करोड़ के घोटाले की जांच कब करवायेंगे? पनामा पेपर वाले अभिषाक सिंह की जांच केन्द्र सरकार क्यों नहीं करवाती? छत्तीसगढ़ में 15 साल में गौ माता के नाम पर भाजपा नेताओं ने 1677 करोड़ का घपला किया प्रधानमंत्री इस पर कुछ तो करें?

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी महामंत्री (प्रशासन व संगठन) मलकीत सिंह गैदू, महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, अजय साहू, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, प्रवक्ता नितिन भंसाली, अजय गंगवानी, ऋषभ चंद्राकर, सौरभ साहू, सुजीत गिधोले एवं शाहरूख अशरफी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *