राजनांदगांव की सभा में बोले अमित शाह- एक बार फिर कमल फूल की सरकार बना दो, भ्रष्टाचारियों से पाई पाई वसुलेंगे… उल्टा लटकाकर सीधा करेंगे…

मिसाल न्यूज़

रायपुर/राजनांदगाँव। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राजनांदगांव की जनसभा में कहा कि एक बार फिर कमल फूल की सरकार बना दो, जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है, उनसे पाई पाई वसूलेंगे। भ्रष्टाचारियों  को उल्टा लटकाकर सीधा करने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार करेगी। इस बार का चुनाव एक सरकार बनाने भर का चुनाव नहीं है। केवल विधायक चुनने का चुनाव नहीं है। यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वर्णिम भविष्य वाले छत्तीसगढ़ को बनाने का चुनाव है। हर छत्तीसगढ़िया को अपना वोट स्वर्णिम छत्तीसगढ़ बनाने के लिए देना है।

राजनांदगाँव जिले की चार विधानसभा सीटों के लिए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह सहित चारों प्रत्याशियों के नामांकन दाखिले के लिए पहुँचे शाह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आप सबका जोश और बड़ी संख्या में उपस्थिति देखकर मुझे विश्वास हो गया है कि आगामी 3 दिसम्बर को छत्तीसगढ़ में कमल खिलने वाला है। छत्तीसगढ़ में चुनाव की घोषणा के बाद पहली बार इतनी बड़ी सभा हो रही है। छत्तीसगढ़ को हमारे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया। कांग्रेसियों के शासनकाल में पुराने मध्यप्रदेश में छत्तीसगढ़ बीमारू राज्य बनकर खड़ा था। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी और डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री बने। 15 साल में इस बीमार राज्य को विकसित बनाने का काम डॉ. रमन सिंह ने किया।

दिल्ली दरबार का एटीएम

शाह ने कहा  कि छत्तीसगढ़ को कांग्रेस के दिल्ली दरबार का एटीएम बनाकर रख दिया गया है। छत्तीसगढ़ के आदिवासी, दलित तथा पिछड़ा वर्ग के युवाओं के अधिकार का पैसा दिल्ली दरबार जाता है। पटवारी से लेकर सरकार में बैठे लोग तक पूरा करप्शन चैन बना हुआ है।

कांग्रेस राज में केवल

घोटाले ही घोटाले

शाह ने कहा कि घोटाले की इतनी बड़ी सूची सार्वजनिक जीवन में कहीं नहीं देखी। शराब घोटाला 2000 करोड़ रुपए, उनके ऑफिस के अधिकारी जेल जाते हैं। परिवहन घोटाला साढ़े 500 करोड़ रुपए का किया। प्रधानमंत्री गरीब अन्नश्री योजना में 5000 करोड़ के चावल का घोटाला किया। 1300 करोड़ से ज्यादा रुपए का गौठान घोटाला किया, 600 करोड़ रुपए का पीडीएसफ घोटाला किया, महादेव एप का 5000 करोड़ रुपए का घोटाला करने का काम इस भूपेश सरकार ने किया है। शाह ने तंज कसा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार ने तो बच्चों की नौकरियों को भी नहीं छोड़ा। पब्लिक सर्विस कमीशन का घोटाला कर बच्चों की नौकरियों में भी कमीशन लेने का काम किया है।

क्या हुआ कांग्रेस

के वादों का?

शाह ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले चुनाव में ढेर सारे जो वादे किए, वह अब तक पूरे नहीं किए। महिलाओं को महतारी सम्मान योजना देना था, जो नहीं दिया गया। क्या हुआ मुफ्त गैस सिलेंडर देने के वादे का? शहरी क्षेत्र में संपत्ति कर 50 प्रतिशत कम करने का वादा किया था। राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू करने वाले थे पर क्या किया? बिजली का बिल आधा करने वाले थे, उसका क्या किया? मुख्यमंत्री को छत्तीसगढ़ की जनता को इसका हिसाब देना चाहिए। भूपेश सरकार के शासन में न दलित खुशहाल है, न आदिवासी खुशहाल है न ओबीसी खुशहाल नहीं है। माता बहनों की तो बात ही मत करिए, युवा और किसान भी परेशान हैं। खुशहाल है तो गांधी परिवार अकेला खुशहाल है नहीं।

प्रतीक के रूप में

ईश्वर साहू को टिकट

शाह ने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के चलते भुनेश्वर साहू की हत्या कर दी गई। भुनेश्वर साहू को न्याय मिलना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया है कि भुनेश्वर साहू के हत्यारों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। उनके प्रतीक के रूप में उनके पिता ईश्वर साहू को हमने चुनाव के मैदान में उतारा है।

मोदी जी ने 9 साल में 3 लाख

करोड़ से ज्यादा दे डाले

शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने पूरे देश का सम्मान बढ़ाया। अभी-अभी विधानसभाओं और लोकसभा में 33 प्रतिशत माता-बहनों को आरक्षण देने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किया। चंद्रयान भेजा। जी-20 सम्मेलन किया। इसी तरह छत्तीसगढ़ के लाभार्थियों को मोदी सरकार की योजनाओं का फायदा मिला है। राजनांदगांव में मेडिकल कॉलेज 370 करोड़ रुपए का, 40 करोड़ के शिवनाथ प्रवर्तन योजना, 15 करोड़ रुपए मातृशक्ति के लिए अस्पताल, 13 करोड रुपए एजुकेशन के लिए, 10 करोड़ रुपए मॉडल कॉलेज के लिए दिए गए हैं। वंदे भारत ट्रेन की सौगात भी मोदी सरकार ने दी है। 2004 से 14 तक केंद्र में यूपीए की सरकार थी, कांग्रेस की सरकार थी। उस सरकार ने छत्तीसगढ़ को 2004 से 14 तक केवल 77 हजार करोड़ रुपये 10 साल में दिए। वहीं केंद्र की मोदी सरकार ने तीन लाख करोड़ से भी अधिक राशि 9 साल में छत्तीसगढ़ को दी।

प्रत्याशी घोषित करने से

डर रही कांग्रेस- साव

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने इस मौके पर सभा को संबोधित करते हुए कहा कि तारीख-पर-तारीख देते रहने वाली कांग्रेस ले-देकर अभी तक सिर्फ 30 प्रत्याशी ही घोषित कर पाई है। उसमें भी कांग्रेस के 8 मौजूदा विधायकों की टिकट कट चुकी है। इससे स्पष्ट हो गया है कि पूरे छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ जबर्दस्त आक्रोश है और पूरा छत्तीसगढ़ एक स्वर में कह रहा है- अऊ नइ सहिबो, बदल के रहिबो।

कांग्रेस की सरकार में राजनांदगांव

का विकास रुका – डॉ. रमन

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री एवं राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. रमन सिंह कहा कि 15 साल के शासनकाल में मैंने मुख्यमंत्री के तौर पर जनता की नौकरी की। राजनांदगांव से विधायक रहते हुए क्षेत्र का विकास किया है। कांग्रेस की सरकार आते ही यहाँ का विकास रुक गया।

सभा को भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद सुश्री सरोज पांडेय, राजनांदगाँव सांसद संतोष पाण्डेय, भाजपा प्रदेश महामंत्री और कवर्धा भाजपा प्रत्याशी विजय शर्मा, डोंगरगढ़ भाजपा प्रत्याशी विनोद खाण्डेकर, डोंगरगाँव भाजपा प्रत्याशी भरत वर्मा, खुज्जी भाजपा प्रत्याशी गीता साहू, साजा भाजपा प्रत्याशी ईश्वर साहू, मोहला-मानपुर भाजपा प्रत्याशी संजीव शाह, खैरागढ़ भाजपा प्रत्याशी विक्रांत सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद मधुसूदन यादव तथा प्रदेश प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह तथा भाजपा राष्ट्रीय चुनाव मीडिया प्रभारी सिध्दार्थनाथ सिंह उपस्थित थे।

रायपुर में अमित शाह

का जोरदार स्वागत 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राजधानी रायपुर पहुँचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव समेत पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री जगदीश रामू रोहरा, रायपुर शहर जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, सच्चिदानंद उपासने, महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री विभा अवस्थी, सीमा संतोष साहू, कृतिका जैन सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *