रायपुर उत्तर भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा का जनसम्पर्क अभियान शुरु

रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने अपने जनसम्पर्क अभियान की शुरुआत कर दी है। उल्लेखनीय है कि पुरंदर मिश्रा राजनीति के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी अग्रणी रहे हैं। नशा मुक्ति की दिशा में वे लगभग 30 साल से लगातार काम कर रहे हैं।

राजधानी रायपुर में विधानसभा चुनाव का रंग तेजी से चढ़ने लगा है। खासकर, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों भाजपा के ‘अऊ नहीं सहिबो, बदल के रहिबो’ का नारे की आवाज़ जगह-जगह सुनाई देने लगी है। इसी क्रम में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसंपर्क के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा से मुलाकात की और अपनी पीड़ा बताई। क्षेत्र में जब शराबखोरी का जिक्र हुआ तो परेशान महिलाओं की आंखें भर आईं। मालती निषाद ने बताया, शराब की गंध और प्रभाव ने क्षेत्र की छवि बिगाड़ रखी है। गली-गली में शराब का अवैध धंधा होता है। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों ने इस दिशा में अब तक कोई काम नहीं किया। सबने बस राजनीतिक रोटियां ही सेकीं, इसीलिए अब आप लोगों पर ही भरोसा है। सरोज साहू ने कहा, इस बार के चुनाव में उत्तर विधानसभा क्षेत्र में बदलाव होकर रहेगा। इसके लिए महिलाओं ने संकल्प कर लिया है। इसका मुख्य कारण है कि, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र की दुर्दशा खुद भी बदलाव का इंतजार कर रही है। जगह-जगह गड्ढे हैं, सड़कें नदारद हैं। अपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं।

भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मौदहापारा, कुंदरापारा, शक्ति नगर, नेहरा कॉलोनी, त्रिमूर्ति नगर, शीतला कॉलोनी, प्रेम नगर, इंदिरा नगर, स्कूलपारा, जागृति नगर व फोकटपारा में सघन जनसंपर्क किया। जगह-जगह उनका अभिनंदन किया गया। पुरंदर मिश्रा ने कहा कि जनता से मिल रहे स्नेह से मैं अभिभूत हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *