तमाम चुनावी सर्वे में भाजपा की मजबूती से कांग्रेस भयभीत… हार के भय से नक्सलियों से की जा रही साठ गांठ- सिद्धार्थनाथ सिंह

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भाजपा मीडिया विभाग के केन्द्रीय संयोजक एवं प्रयागराज विधायक सिध्दार्थनाथ सिंह ने कहा कि तमाम चुनावी सर्वे में भाजपा की मजबूती से कांग्रेस भयभीत है। हार के भय से नक्सलियों से साठ-गांठ की जा रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ममता बेनर्जी की कार्बन कॉपी बन गए हैं। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे पर नक्सलियों का आईईडी ब्लास्ट हुआ। गांव के गांव खाली कराये जा रहे हैं। पर्चे फेंके जा रहे हैं। टारगेट किलिंग का दौर चला हुआ है। सवाल यह कि जब टारगेट किलिंग होती है तो भाजपाईयों के ऊपर ही क्यों होती है?

एकात्म परिसर में आज पत्रकार वार्ता में सिध्दार्थनाथ सिंह ने कहा कि केन्द्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने 22 दिसंबर 2022 को संसद में एक सवाल के जवाब में बताया था कि पूरे देश में नक्सली गतिविधियां कम हो गई हैं। लेकिन पूरे देश में जो नक्सली घटनाएं हुई हैं उनमें 70 से 80 प्रतिशत घटनाएं छत्तीसगढ़ में हुई हैं। सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपनी हार की पटकथा ढाई साल पहले ही लिख ली थी। उसी का वृहद रूप अब चुनाव में सामने आ रहा है। जब ढाई साल पहले टी.एस. सिंहदेव और भूपेश बघेल के बीच अंदरूनी खींचतान शुरू हुई उसने आज बगावत का रूप ले लिया है। कांग्रेस के लोग जिनका टिकट कटा है वे या तो निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं या फिर अजीत जोगी वाली पार्टी में जा रहे हैं। इनमें विनय जायसवाल, किस्मतलाल नंद, अनूप नाग है और बृहस्पत सिंह के नाम शामिल हैं।

सिंह ने कहा कि कुछ ऐसे अधिकारी हैं जो राज्य सरकार के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। पुलिस के अधिकारी भी इनमें शामिल हैं। इनको भाजपा सचेत कर रही है कि निष्पक्ष चुनाव में बाधक न बनें। हमारे कार्यकर्ता अपने निजी स्थानों पर पार्टी के झंडे लगाते हैं तो उन्हें रोका जाता है जबकि इसके लिए किसी परमिशन की जरूरत नहीं है। दूसरी ओर हमारे झंडे निकलवाकर या तो कांग्रेस के झंडे लगे रहे हैं या उन्हें झंडा लगाने की छूट दे रहे हैं। ऐसे अफसरों पर हमारी दृष्टि है। रायगढ़ कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा, बिलासपुर कलेक्टर संजय झा, राजनांदगांव एसपी आईपीएस अभिषेक मीणा, दुर्ग एसपी आईपीएस शलभ कुमार सिन्हा, कोरबा एसपी आईपीएस उदय किरण, बिलासपुर एडिशनल एसपी अभिषेक महेश्वरी, दुर्ग एडिशनल एसपी संजय ध्रुव पर कार्यवाही हो चुकी है। यह सभी के लिए सबक है कि निष्पक्ष निर्वाचन के लिए अपनी सेवाएं दें न कि सत्ता के एजेंट बनें। उन्होंने कहा कि भाजपा का केन्द्रीय प्रतिनिधि मंडल निर्वाचन आयोग में शिकायत करेगा और राज्य में भी चुनाव आयोग से उन लोगों की शिकायत की जाएगी जिनके बारे में रिपोर्ट आ रही है कि वे पक्षपात कर रहे हैं।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता मुकेश शर्मा, सोशल मीडिया प्रभारी सोमेश पांडेय मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *