तैयारी पूरी है, पुरंदर मिश्रा जरूरी है… नारे के बीच खुला मुख्य चुनाव कार्यालय

मिसाल न्यूज़

रायपुर। तैयारी पूरी है, पुरंदर मिश्रा जरूरी है… नारे के शोर के बीच गुरुवार को रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा के मुख्य चुनाव कार्यालय का उद्घाटन हुआ।

सिटी सेंटर मॉल के सामने, एक्सप्रेस वे के बाजू छत्तीसगढ़ वॉच कांप्लेक्स में भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा का मुख्य चुनाव कार्यालय खुला। इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री चंद्रशेखर साहू, उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र सिंह तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, वरिष्ठ भाजपा नेता सच्चिदानंद उपासने, राजीव अग्रवाल, अशोक बजाज, गौरीशंकर श्रीवास, पार्षद डॉ. प्रमोद साहू, राम प्रजापति व पार्षद विश्वदिनी पांडेय मौजूद थे।

कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर पटाखे फोड़कर आगंतुकों का स्वागत किया गया। इसी तरह बड़ी संख्या में समर्थक और क्षेत्रवासी भी ढोल-नगाड़े के साथ कार्यालय पहुंचे। वहीं रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने गले में भाजपा का गमछा पहनाकर कार्यक्रम में आए लोगों का ससम्मान आत्मीय स्वागत किया। अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ के उत्साह से घिरे रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने इस अवसर पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस के झूठ और घोटाले से त्रस्त हो चुकी है। कांग्रेस का कार्यकाल भ्रष्टाचार के आतंक जैसा है। ये लूट व कुशासन से सरकारें चलाती है। जनता के दुख-दर्द से कोई लेना-देना नहीं है। इसीलिए जनता ने इस बार मन बना लिया है कि कांग्रेस की सरकार को बदलकर बीजेपी का फूल खिलाना है। सिर्फ रायपुर के उत्तर विधानसभा में ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में परिवर्तन की लहर है।

बहुमत से चुनाव

जीतने की तैयारीः पुरंदर

मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा ने कहा कि रायपुर उत्तर विधानसभा में बहुमत के साथ जीत हासिल करने के लिए चारों मंडल की कार्ययोजना अब इसी मुख्य चुनाव कार्यालय में बनाई जाएगी। इसके लिए नियमित रूप से बैठकें की जाएंगी और सभी की राय और सहमति से चुनावी तैयारी की रूपरेखा बनाई जाएगी।

इस बार कांग्रेस को नमस्ते

कर दें- सुनील सोनी

भाजपा के रायपुर उत्तर विधानसभा के मुख्य चुनाव कार्यालय के शुभारंभ के मौके पर सांसद सुनील सोनी कहा कि आज यहां से कार्यकर्ता संकल्प लेकर घर जाएं कि आगामी 19 दिनों में दीपावली तक एक कार्यकर्ता 100 घरों में जाकर भाजपा प्रत्याशी पुरंदर मिश्रा को जिताने के लिए लोगों से वोट देने की अपील करे। लोगों को यह जरूर बताएं कि, भाजपा सरकार ने शहर में एक्सप्रेस-वे का निर्माण करवाया है। सड़कें चौड़ी कराई और नहर के ऊपर भी सड़कें बनवाई। लेकिन कांग्रेस ने शहर के गरीबों को उजाड़ने का काम किया है। रायपुर की चारों विधानसभा प्रदेश की आवाज उठाती है, इसीलिए इस बार जरूरी कि कांग्रेस को नमस्ते कर दिया जाए।

कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर भाजपा नेता लोकेश कावड़िया, मोहन एंटी, प्रदेश प्रवक्ता उमेश घोरमोड़े, फाफाडीह मंडल अध्यक्ष गोरेलाल नायक, शंकर नगर मंडल अध्यक्ष अनूप खेलकर, जवाहर नगर मंडल अध्यक्ष संतोष साहू, तेलीबांधा अध्यक्ष सुनील कुकरेजा, सुरेंद्र छाबड़ा, दिलीप सिंग होरा, प्रभा दुबे, वंदना राठौड़, सुनील बांदरे, किशोर महानंद, विश्व हिंदू परिषद के नेता घनश्याम चौधरी व श्रीराम भक्त सेना के विक्रम केवलानी सहित हिंदू संगठन कार्यकर्ता पदाधिकारी शामिल हुए।

130 लोगों का भाजपा प्रवेश

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रवण यदु के नेतृत्व में रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के मुख्य चुनाव कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर 130 लोगों ने भाजपा प्रवेश किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *