महापौर एजाज ढेबर ने निगम कमिश्नर को पत्र लिखकर मास्को यात्रा के लिए 10 लाख मांगे थे, सामान्य सभा में करेंगे विरोध- मीनल चौबे

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने आरोप लगाया कि महापौर एजाज ढेबर बार-बार रायपुर में लाइट मेट्रो ट्रेन चलाने की बात कहकर ओछी राजनीति कर रहे हैं। उनकी हास्यास्पद बातों को लेकर हमारा गहरा विरोध है। यह विरोध जल्द होने वाली नगर निगम की सामान्य सभा में भी दर्ज कराएंगे।

निगम मुख्यालय में आज अपने कक्ष में पत्रकार वार्ता लेते हुए मीनल चौबे ने कहा कि महापौर एजाज ढेबर लगातार कह रहे हैं कि मेरी मास्को यात्रा निजी नहीं अधिकारिक थी। महापौर एक पत्र दिखाते हुए बार-बार कह रहे हैं कि रशिया गवर्नमेंट के बुलावे पर मास्को जाना हुआ। वह पत्र लेटर हेड पर नहीं है, जिससे कि संदेह पैदा होता है। महापौर यह भी कह रहे हैं कि रशिया गवर्नमेंट ने उनके आने-जाने का टिकट भिजवाया था। सच्चाई यह है कि महापौर ने 2 जुलाई को नगर निगम कमिश्नर अबिनाश मिश्रा को एक पत्र लिखकर रशिया यात्रा हेतु निगम खजाने से अनुमानित 10 लाख रुपये मांगे थे। पत्र में 5 लाख 91 हजार फ्लाइट टिकट, 35 हजार वीज़ा, 2 लाख फाइव स्टार हॉटल, 1 लाख 25 हजार परिवहन एवं 50 हजार खाने का अनुमानित व्यय दर्शाया गया था। महापौर जिस एमओयू की बात कर रहे हैं उसमें लाइट मेट्रो ट्रेन का जिक्र ही नहीं है। इस तरह का एमओयू सरकार की तरफ से किया जाता है  न कि महापौर की तरफ से। नियमानुसार बिना सरकार की अनुमति के कोई भी टेक्नीकल टीम काम नहीं कर सकती। यहां तक कि महापौर ने लाइट मेट्रो ट्रेन को लेकर नगर निगम तथा राज्य शासन के अन्य जन प्रतिनिधियों से चर्चा करने की जरूरत तक नहीं समझी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा पार्षद दल के उप नेता मनोज वर्मा एवं मृत्युंजय दुबे उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *