मिसाल न्यूज़
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के बैनर तले रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप से मुलाकात की। मांग पत्र भी सौंपा। मांग पत्र पर चर्चा के दौरान नगर निगम एमआईसी सदस्य (नगर निवेश) मनोज वर्मा की उपस्थिति रही।
रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ जो लंबे समय से जिन मांगों को उठाते आ रहा है उनमें पुरानी पेंशन योजना को छत्तीसगढ़ शासन के आदेशानुसार रायपुर नगर निगम में तत्काल लागू करना, नगर निगम में विभागीय सेटअप को कर्मचारी हित में शीघ्र अंतिम रूप देना, कर्मचारियों को योग्यता अनुसार विभागीय पदोन्नति देना, रिक्त पदों की पूर्ति की कार्रवाई नियमानुसार करना, छत्तीसगढ़ शासन के आदेशानुसार रायपुर नगर निगम के कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा और 1करोड़ रूपये का स्वास्थ्य बीमा योजना का स्टेट बैंक के माध्यम से शीघ्र लाभ देना, रायपुर नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों को शासन की 4 श्रम संहिताओं का शीघ्र लाभ देना तथा उनका नियमितीकरण करना शामिल हैं। महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कर्मचारियों के प्रतिनिधि मण्डल से मांगों को ध्यानपूर्वक सुना और मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए भविष्य में कर्मचारी हित में कदम उठाने का आश्वासन दिया।
महापौर एवं निगम कमिश्नर से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधि मंडल में कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारी चन्द्रशेखर तिवारी व उमेश मुदलियार, रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव, कार्यपालन अभियंता अंशुल शर्मा (जूनियर), मोहित कुमार दर्रो, श्याम सोनी, विजय शर्मा, मनीष भोई, अमित बेहरा, श्रीमती स्वाति शुक्ला,श्रीमती स्वाति साहू, श्रीमती माया वर्मा एवं श्रीमती वन्दना जाधव शामिल थे।

