मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर नगर निगम के कला केन्द्र एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस राज्य स्तरीय/नगर स्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के ऑडिशन के पहले दिन 10 अगस्त को रायपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए बच्चों एवं युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल। 90 से अधिक कलाकारों ने अपनी-अपनी विधाओं में शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
‘तिरंगा शक्ति फेस्ट’ के अंतर्गत देशभक्ति, नारी शक्ति एवं सांस्कृतिक धरोहर को बढ़ावा देने हेतु अनेक विधाओं में प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें प्रमुख रूप से गायन (Singing) — सोलो एवं ग्रुप, नृत्य (Dancing) — शास्त्रीय, लोक एवं वेस्टर्न, वाद्य वादन (Instrumental Performance), ड्राइंग एवं पेंटिंग (Drawing & Painting) तथा एबेकस एवं बौद्धिक कला (Abacus & Mental Ability) शामिल हैं।
11 को ऑडिशन का
दूसरा व अंतिम दिन
कला केंद्र रायपुर के प्रबंधक एवं कलाकार राहुल ठाकुर ने जानकारी दी कि ऑडिशन का दूसरा व अंतिम दिन 11 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे से सायंकाल 6:00 बजे तक टाउन हॉल / कला केंद्र परिसर में आयोजित है। जो भी कलाकार प्रथम दिन भाग लेने से चूक गए हैं, वे 11 अगस्त को उपस्थित होकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकते हैं।
14 को शहीद स्मारक भवन
में होगा ग्रैंड फिनाले
दो दिवसीय ऑडिशन प्रक्रिया में चयनित (Shortlisted) श्रेष्ठ प्रतिभागी 14 अगस्त को शहीद स्मारक भवन के भव्य मंच पर अपनी अंतिम एवं भव्य प्रस्तुति देंगे। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन, रायपुर नगर निगम एवं कला केंद्र रायपुर ने नगरवासियों से इस देशभक्ति एवं सांस्कृतिक महाकुंभ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।

