निगम अफसर के साथ गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी की एक और घटना… कोतवाली में रिपोर्ट… अधिकारियों-कर्मचारियों ने महापौर व कमिश्नर से कहा- असूरक्षा भरे माहौल में करनी पड़ रही नौकरी…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। एक महीने के भीतर नगर निगम के अफसरों से गाली-गलौच व जाने से मारने की धमकी का तीसरा मामला थाने पहुंच गया। नगर निगम की जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल ने आज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि पार्षद संदीप साहू ने मेरे साथ गाली गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जोन 8 के सारे आक्रोशित अधिकारी-कर्मचारी महापौर श्रीमती मीनल चौबे व निगम कमिश्नर संबित मिश्रा से मिले तथा उन्हें ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि असूरक्षा भरे माहौल में जान को जोखिम में डालते हुए काम करना पड़ रहा है।

जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आज सुबह करीबन 11.50 बजे मैं निगम मुख्यालय के सभा कक्ष में विज्ञापन संबंधी प्रशिक्षण कार्य में जुटी थी। उसी समय मेरे निजी मोबाईल पर वीर सावरकर वार्ड के  पार्षद संदीप साहू के मोबाईल से फोन आंया। उनके व्दारा वार्ड के सफाई ठेकेदार कर्मचारी के भुगतान के संबंध में पूछा गया। मैंने उन्हें अवगत कराया गया कि भुगतान वास्तविक उपस्थिति के आधार पर किया जावेगा। उनके द्वारा कहा गया कि संपूर्ण स्वीकृति 38 कर्मचारियों का प्रतिदिन का भुगतान होना चाहिए। इस पर मेरे द्वारा मना करने पर संदीप साहू द्वारा मुझे अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना के बाद से मैं मानसिक रूप से अत्यंत परेशान हूँ। न सिर्फ मुझे,  मेरे बच्चों को भी खतरा है। मेरे या मेरे परिवार के साथ यदि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटती है तो समस्त जिम्मेदारी संदीप साहू की होगी।

श्रीमती पटेल  की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस  ने धारा 351(2), 351(3), 79 BNS 2023  के तहत अपराध पंजीबध्द कर मामला विवेचना में लिया है।

जोन 4 से दो बार हुई रिपोर्ट

उल्लेखनीय है कि इससे पहले जोन 4 कमिश्नर श्रीमती दिव्या चंद्रवंशी तथा वहीं पदस्थ एक अन्य कर्मचारी की ओर से अलग-अलग मामले में गाली गलौच करने व जान से मारने की धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उन दोनों ही घटनाओं के बाद निगम डिप्टी कमिश्नर (राजस्व) श्रीमती अंजलि शर्मा व अन्य कर्मचारीगण भी शिकायत दर्ज कराने जोन कमिश्नर श्रीमती चंद्रवंशी के साथ थाने में मौजूद रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *