नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में सत्ता पक्ष एवं विपक्ष में टकराव… कांग्रेस पार्षदों ने किया वाक आउट…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। एक राष्ट्र एक चुनाव एजेन्डे पर आज शहीद स्मारक भवन में हुई नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में भाजपा पार्षदों एवं कांग्रेस पार्षदों के बीच टकराव देखने को मिला। निगम नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू जब अपनी बात रख रहे रहे थे, कुछ भाजपा पार्षदों ने टोकाटाकी की। इस पर कांग्रेस पार्षदगण आपत्ति जताते हुए सदन से वाक आउट कर गए।

सदन में अपनी बात रखते हुए नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू ने कहा कि इतनी क्या जल्दी थी विशेष सामान्य सभा बुलाने की। दो माह बाद भी बुला सकते थे। रायपुर की जनता पानी के लिए तरस रही है। सवाल यह है कि इस समय विशेष सामान्य सभा पानी या फिर एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर होनी चाहिए। शहर में हैंड पम्प और टैंकर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। भाजपा पार्षदगण मनोज वर्मा, आशु चंद्रवंशी, राजेश गुप्ता, कृतिका जैन एवं भोलाराम साहू ने आपत्ति करते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष एजेंडे से बाहर जाकर बात कर रहे हैं। मनोज वर्मा ने कहा कि नगर निगम में जब कांग्रेस की सत्ता थी दो महीने में शहर को टैंकर मुक्त करने का दावा हुआ था, उसका क्या हुआ। भाजपा पार्षदों व्दारा कही जा रही बातों पर कांग्रेस पार्षद व्दय शेख मुशीर एवं अर्जुमन ढेबर ने आपत्ति की। इसके विरोध में भाजपा पार्षदगण अपनी जगह पर खड़े होकर नारेबाजी करने लगे। इस पर विरोध जताते हुए सभी कांग्रेस पार्षद सदन से वाक आउट कर गए। व्यवधान के कारण सभापति सूर्यकांत राठौर को सदन की कार्यवाही 5 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *