मिसाल न्यूज़
रायपुर। एक राष्ट्र एक चुनाव एजेंडे पर नगर निगम की हुई विशेष सामान्य सभा में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि दुख की बात है कि आज हम गंभीर विषय पर चर्चा करने के लिए बैठे हैं और कांग्रेसी पार्षद सदन से वाक आउट कर गए। वे बुलाने पर भी सदन में वापस नही आए।
शहीद स्मारक भवन में हुई विशेष सामान्य सभा में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि एक देश एक चुनाव यह महत्वपूर्ण विषय है। इसके पीछे परिकल्पना विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ दोनों की है। एक राष्ट्र एक चुनाव वाली व्यवस्था लागू हो जाती है तो इससे लोकतंत्र मजबूत होगा। देश में लगातार चुनाव जो होते रहे हैं उस पर बेतहाशा खर्च होता है। 2024 में जो लोकसभा चुनाव हुआ उसी पर 1 लाख 33 हजार करोड़ राशि खर्च हो गई। मोदी जी ने दूर की सोचकर एक राष्ट्र एक चुनाव की परिकल्पना की है। इससे संसाधनों की बचत होगी। विकास में और तेजी आएगी। मुझे लगता है कि एक राष्ट्र एक चुनाव पर सभी सहमत होंगे। हमारे विपक्ष के साथी इस पर शंका जता रहे थे। शंकाओं का समाधान करने के लिए ही हम यहां बैठे हैं। हम तो खुली चर्चा चाहते थे। विपक्ष को इस बात का डर क्यों है कि एक राष्ट्र एक चुनाव से परिणाम सत्ता पक्ष की तरफ आएंगे। मेरा तो मानना है कि एक राष्ट्र एक चुनाव से फर्जी वोटिंग बंद होगी। पुलिस के कंधों पर भार कम होगा। प्रिंटिंग का खर्चा कम आएगा। चुनाव के लिए टीमें एक प्रदेश से दूसरे प्रदेश जो आना-जाना करती हैं, इससे आवागमन पर होने वाला अनावश्यक खर्च कम होगा। आचार संहिता एक ही बार लगेगी।