रायपुर। नगर पालिक निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ ने आरोप लगाया कि रायपुर नगर निगम की मेयर इन कौंसिल के सितंबर 2025 में संकल्प की स्वीकृति के 7 माह बाद भी 536 कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना का लाभ नहीं मिल रहा। इसके पीछे वजह नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग की ओर से पुष्टि नहीं होना है।
रायपुर नगर निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हित में रायपुर नगर निगम में विभागीय सेटअप को अंतिम रूप देने कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। निगम अधिकारी कर्मचारी एकता संघ का प्रतिनिधि मंडल 16 अप्रैल को महापौर श्रीमती मीनल चौबे, सभापति सूर्यकान्त राठौड़ तथा निगम कमिश्नर विश्वदीप को मांग पत्र सौंपकर मांग को पूरा करने का अनुरोध करेगा। हमारी मांग को समर्थन देते हुए छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के रायपुर जिला पदाधिकारी चंद्रशेखर तिवारी एवं संजय मुदलियार भी महापौर,सभापति व निगम कमिश्नर से मुलाकात के समय साथ होंगे। जाधव ने कहा कि हमारी लंबित मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो निगम के समस्त अधिकारी व कर्मचारी आंदोलन हेतु बाध्य होंगे।

