ट्रिपल इंजन सरकार में रसूखदार बिल्डर्स व दलालों के हौसले बुलंद, निगम के कुछ अफसर हो गए हैं निरंकुश- आकाश तिवारी

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार में दलालों ओर बिल्डरों के साथ अधिकारियों के हौसले बुलंद हैं। इसका उदाहरण नगर निगम का जोन 10 दफ्तर है, जहां से मार्ग संरचना की फाइल बिना निगम मुख्यालय भेजे टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग भेज दी गई। निगम के कुछ अधिकारी निरंकुश हो गए हैं।

निगम मुख्यालय में अपने कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस में आकाश तिवारी ने कहा कि नगर निगम अधिनियम एवं नियमों से चलता है। सभी कार्यों के लिए नियम बने हुए हैं। जोन 10 से मार्ग संरचना की फाइल बिना मुख्यालय भेजे टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग भेजना अधिकारियों की कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करता है। कामरेड सुधीर मुखर्जी वार्ड के बोरियाखुर्द ओम नगर साईं नगर बिलाल नगर क्षेत्र के भूखंडों की नस्ती गायब हो जाना गम्भीर विषय है। नगर निगम और शासन से मामला सेट कर बड़े बड़े दलाल और रसूखदार बिल्डर्स जैसा चाहे वैसा काम करवा रहे हैं। नगर निगम के कुछ अधिकारी निरंकुश हो गए हैं। जोन 10 दफ्तर से जुड़े मामले में जो नस्ती गायब हुई, उसके पीछे शासन से जुड़े अधिकारी, रसूखदार व्यक्ति व बिल्डर्स का रोल है। कभी बिना सीमांकन किए नाला निर्माण कर दिया जाता है। कभी पंडरी स्थित कपड़ा मार्केट की दुकानों के एक तरफ के शटर को यातायात का हवाला देकर बंद कर दिया जाता है बाद में फिर वह शटर खुल जाते हैं। केवल छोटे गुमटी ठेले वालों को हटाने ओर टैक्स नहीं दे पा रहे छोटे दुकानदारों के यहां तालाबंदी जैसा काम हो रहा है।आकाश तिवारी ने राज्य सरकार से मांग करते  हुए कहा कि नगर निगम एवं टाऊन एंड कंट्री प्लानिंग के दोषी अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर हो।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगर निगम उप नेता प्रतिपक्ष श्रीमती जयश्री नायक मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *