मिसाल न्यूज़
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा के नेतृत्व में शहर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए औचक निरीक्षण अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में आज नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही और जोन 4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी ने जोन 4 क्षेत्र के शास्त्री बाजार के समीप स्थित होटल मेजबान का औचक निरीक्षण किया। होटल परिसर में गंदगी मिली। निगम की टीम ने तत्काल 50 हजार रुपये का जुर्माना ठोका।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता दीपक देवांगन एवं जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर भी उपस्थित थे। निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। स्वच्छता में लापरवाही बरतने वाले होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से भी अपील है कि वे स्वच्छता संबंधी शिकायतें 1100 टोल फ्री नंबर पर दर्ज कराएं।

