अतिक्रमणकारियों ने ऐतिहासिक सेंट पॉल स्कूल परिसर को भी नहीं छोड़ा… जिला, पुलिस व निगम प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध निर्माण को तोड़ गिराया…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। जिला प्रशासन एवं नगर निगम की टीम द्वारा अवैध अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण के खिलाफ निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में अवैध निर्माण की शिकायत मिलने पर आज ऐतिहासिक सेंट पॉल स्कूल परिसर में बिना अनुमति के हो रहे निर्माण पर कार्यवाही की गई। यह कार्यवाही जिले के राजस्व विभाग, नगर निगम रायपुर एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

जिला एवं नगर निगम प्रशासन ने संयुक्त रुप से जानकारी देते हुए बताया कि सेंट पॉल स्कूल परिसर में मिस्टर तवारिस व्दारा अवैध निर्माण कराए जाने की शिकायत मिलने पर नगर निगम के जोन 4 व्दारा विगत 21 फरवरी  को  निर्माणकर्ता को प्रथम नोटिस दिया गया था। तत्पश्चात् 24 मार्च को द्वितीय नोटिस जारी किया गया। पुनः 2 अप्रैल को तृतीय नोटिस दिया गया, जिसमें निर्माण कार्य बंद करने एवं अतिरिक्त निर्माण को हटाने हेतु आदेशित किया गया। 3 नोटिस जारी करने के बाद भी निर्माणकर्ता द्वारा निर्माण कार्य बंद नहीं करने एवं प्रस्तुत जवाब समाधानकारक नहीं होने पर उन्हें निर्माण कार्य बंद कर अतिरिक्त निर्माण हटाने हेतु 06 मई 2026 एवं 01 जून 2026 कोे दो स्मरण पत्र जारी किया गया। जिसके बाद निर्माण कार्य नहीं रोके जाने पर आज यह कार्यवाही की गई।

इस कार्यवाही में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एसडीएम नंद कुमार चौबे, तहसीलदार राममूर्ति दीवान एवं जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन की टीम उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *