रायपुर। भाजपा पार्षद एवं मेयर इन कौंसिल सदस्य (लोक कर्म विभाग) दीपक जायसवाल के नाम का फर्जी लेटर हेड और फर्जी हस्ताक्षर का मामला उजागर हुआ है। पार्षद जायसवाल ने आजाद चौक थाने में लिखित शिकायत कर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पिछले कुछ समय से पार्षद दीपक जायसवाल को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि रायपुर के ईदगाह भाटा मंगल बाजार स्थित आर्यन चॉइस सेंटर में उनके आधिकारिक लेटर हेड और हस्ताक्षर का कथित रूप से दुरुपयोग किया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने पुलिस प्रशासन के साथ संबंधित चॉइस सेंटर पहुंचकर जांच कराई। जांच के दौरान जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के फर्जी लेटरहेड मिला। प्रारंभिक जांच में यह आशंका व्यक्त की गई कि पार्षद के मूल लेटर हेड को स्कैन कर उसकी प्रतिलिपि तैयार की गई। उसी के आधार पर उनके हस्ताक्षर का कथित तौर पर अनधिकृत उपयोग किया जाता रहा था।
जासवाल नेआशंका जताई कि यदि लंबे समय से इस प्रकार का कार्य किया जाता रहा होगा तो कितने ही फ्रजी जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आय, जाति, निवास एवं अन्य शासकीय दस्तावेज बन गए होंगे। जायसवाल ने कहा कि जिस चॉइस सेंटर से यह मामला सामने आया है, उसके संचालन और पंजीयन को लेकर भी कई सवाल खड़े होते हैं।

