मिसाल न्यूज़
रायपुर। ब्राम्हणपारा में सोहागा मंदिर के पास एक मकान में बकाया संपत्ति कर की नोटिस चस्पा कर रहे सहायक राजस्व निरीक्षक के साथ एक युवक ने गाली-गलौच करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी। सहायक राजस्व निरीक्षक की रिपोर्ट पर आजाद चौक थाना पुलिस ने दोषी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाने में लिखित शिकायत होने के दौरान निगम उपायुक्त (राजस्व) श्रीमती अंजलि शर्मा एवं जोन 4 कमिश्नर श्रीमती दिव्या चंद्रवंशी मौजूद थीं।
सहायक राजस्व निरीक्षक तरूण राय ने आजाद चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि मैं नगर निगम के जोन क्रमांक 4 में पदस्थ हूं। सुहागा मंदिर चौक ब्राम्हणपारा में हनुमान मंदिर के पास निवास करने वाली श्रीमती लता शर्मा पर 55 हजार 859 रूपये संपत्ति कर समेत अन्य कर बकाया है। आज दोपहर करीब 2 बजकर 45 मिनट पर मैं श्रीमती लता शर्मा के मकान में छ0ग० नगर पालिका निगम अधिनियम 1956 धारा 174 के अतंर्गत डिमांड नोटिस तामिल करने गया था। मौके पर श्रीमती लता शर्मा नहीं मिलीं। उनका रिश्तेदार युगान्त शर्मा मिला। उन्हें संपत्ति कर बकाया होने की जानकारी देते दुए नोटिस सौंपना चाहा तो उन्होंने लेने से इंकार कर दिया। इसके पश्चात् नियमानुसार मैं नोटिस लता शर्मा के घर की दीवाल पर चस्पा करने जा ही रहा था कि युगान्त शर्मा ने शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मुझे ऐसा करने से रोका। उसने न सिर्फ नोटिस चस्पा करने से रोका बल्कि अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और झुमाझटकी भी की। तरुण राय की रिपोर्ट पर आजाद चौक थाना पुलिस ने युगान्त शर्मा के खिलाफ धारा 132,296,351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।
……………………………………….
“नगर निगम शहर हित में राजस्व वसूली का बड़ा लक्ष्य लेकर चल रहा है। अगर राजस्व वसूली अभियान में निगम के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार होता है तो भविष्य में भी निगम प्रशासन दोषी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्यवाही से पीछे नहीं हटेगा।”
संबित मिश्रा
कमिश्नर नगर निगम
…………………………………………

