0 राजधानी की सबसे स्मार्ट रोड बने- बृजमोहन अग्रवाल
0 बेवजह सड़क न खोदें- सुनील सोनी
0 दुकानें कदापि तोड़ी नहीं जाएंगी, केवल विकास होगा- मीनल चौबे
मिसाल न्यूज़
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी एवं महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका तक बनने जा रहे गौरव पथ-2 का भूमि पूजन किया। गौरव पथ 2- 1300 मीटर लम्बा एवं 24 मीटर चौड़ा होगा। इस मार्ग का सौंदर्यीकरण भी होगा। लगभग 12 करोड़ रूपये की लागत से यह बड़ा काम होने जा रहा है। कार्यक्रम में प्रमुख रुप से विधायक व्दय राजेश मूणत व पुरंदर मिश्रा, नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ एवं नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा उपस्थित थे।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि गौरव पथ- 2 की पहचान राजधानी की सबसे स्मार्ट रोड के रूप में होनी चाहिए। सीएसईबी चौक बूढ़ापारा से पचपेड़ीनाका की सड़क धमतरी, देवभोग, विशाखापट्टनम, बस्तर को जोड़ती है। रायपुर शहर से जुड़े हर विकास कार्य को करते समय ध्यान रखा जाना चाहिए कि यह राजधानी है। जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जनता से सामंजस्य बनाकर कार्य करें। जनता भी व्यवस्थित विकास के लिए भागीदार बने। तभी राजधानी का विकास तेजी से हो सकेगा।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने कहा कि गौरवपथ- 2 का विकास गौरव पथ- 1 की तरह किया जाना सुनिश्चित हो। इसमें डक्ट, वाटर ड्रेनेज सिस्टम पुख्ता बनाया जाये। सड़क बनाये जाने के बाद कदापि उसकी बेवज़ह खुदाई ने हो। सभी विवादों को किनारे लगाकर तात्यापारा चौक से शारदा चौक तक का चौड़ीकरण कार्य शीघ्र किया जाना चाहिए। इस हेतु सांसद बृजमोहन अग्रवाल को शीघ्र जनहित में राज्य शासन से पहल कर आवश्यक बात करनी चाहिए। निगम कमिश्नर को इसमें आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई जनहित में करवानी चाहिए।
महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि गौरवपथ- 2 योजना में केवल विकास एवं सौंदर्यीकरण होगा। लगभग 1300 मीटर लम्बे एवं लगभग 24 मीटर चौड़े इस गौरव पथ में सौंदर्यीकरण लगभग 12 करोड़ रूपये की स्वीकृत लागत से शीघ्र होगा। कोई भी दुकान तोड़ी नहीं जाएगी। दुकानदारों व आम नागरिकों को विकास एवं सौंदर्यीकरण की अनुपम सौगात दी जाएगी।
सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि गौरव पथ- 2 सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, महापौर श्रीमती मीनल चौबे के निरंतर प्रयासों का सुफल है।
कार्यक्रम में नगर निगम लोक कर्म विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, एमआईसी सदस्य अमर गिदवानी, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, जोन 6 अध्यक्ष बद्री प्रसाद गुप्ता, जोन 5 अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी,पार्षदगण श्रीमती अर्जुमन ढेबर, श्रीमती स्वप्निल मिश्रा, प्रमोद कुमार साहू, रमेश सपहा, एल्डरमैन मनीष करड़भुजे व रामकिंकर सिंह ठाकुर, पूर्व नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सुभाष तिवारी, पूर्व पार्षदगण रामकृष्ण धीवर, नरेन्द्र यादव, सालिक सिंह, पूर्व एल्डरमैन राकेश सिंह, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती सीमा साहू, मण्डल अध्यक्ष अभिषेक तिवारी, संतोष सोनी, सामाजिक कार्यकर्त्ता के. के. अवधिया, नगर निगम अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, जोन 6 जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव, कार्यपालन अभियंता पद्माकर श्रीवास एवं सहायक अभियंता शैलेन्द्र पटेल अन्य नागरिकगण मौजूद थे।
कार्यक्रम का संचालन निगम अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय एवं अंत में आभार प्रदर्शन पार्षद प्रमोद कुमार साहू ने किया।

