मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे के विरुदध अश्लील, अभद्र एवं गालियों से युक्त वीडियो के प्रसारित होने पर आक्रोशित भाजपा पार्षदगण आज पुलिस कमिश्नर से मिले और उन्हें लिखित शिकायत पत्र सौंपकर दोषी लोगों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कमिश्नर को सौंपे गए शिकायत पत्र में भाजपा पार्षदों ने कहा कि एक यूट्यूब चैनल की एंकर व्दारा अपने यूट्यूब चैनल में एक ऐसा वीडियो साझा किया गया है, जिसमें एक युवक रायपुर महापौर मीनल चौबे के संबंध में अत्यंत अश्लील, अभद्र एवं आपतिजनक भाषा का प्रयोग करता नजर आ रहा है। उक्त वीडियो की भाषा इतनी अश्लील और आपतिजनक है कि सामान्य शब्दों में उसका उल्लेख करना भी कठिन है। चूंकि इस संबंध में विधिवत आपराधिक शिकायत दर्ज कराई जानी है, इसलिए आवश्यकता पड़ने पर वीडियो में प्रयुक्त आपत्तिजनक शब्दों और गालियों का विवरण जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत किया जा सकता है। यह अत्यंत गंभीर विषय है कि इस प्रकार के गाली-गलौज एवं अभद्र भाषा वाले वीडियो को जानबूझकर साझा किया जा रहा है। वीडियो रिकॉर्ड करने वाले व्यक्ति तथा उसे जानबूझकर प्रसारित एवं प्रचारित करने वाले लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच किया जाना आवश्यक है। भाजपा पार्षद दल की मांग है कि उक्त वीडियो, पोस्ट एवं उससे संबंधित सभी डिजिटल साक्ष्यों की तत्काल जांच कराई जाए। वीडियो में महापौर के विरुद्ध अभद्र, अश्लील एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले युवक की पहचान कर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पुलिस में शिकायत करने पहुंचे भाजपा पार्षदों में प्रमुख रुप से श्रीमती सरिता दुबे, दीपक जायसवाल, राजेश गुप्ता महेन्द्र खोड़ियार, कैलाश बेहरा एवं अजय साहू शामिल थे।

