15 सालों में रायपुर नगर निगम को चूहों की तरह खोद डाले कांग्रेसी, गड्ढों को भरने का काम कर रही भाजपा- पुरंदर मिश्रा

0 ढाई साल के कार्यकाल की गिनाई उपलब्धियां

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में  रायपुर नगर निगम में कांग्रेस के 3 महापौर रहे। उन 15 सालों में कांग्रेसियों ने नगर निगम को चूहों की तरह खोद डाला। उन गड्ढों को भरने का काम वहां की वर्तमान निर्वाचित भाजपा परिषद कर रही है। मिश्रा ने यह भी कहा कि पिछले ढाई साल में हमने रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 1700 करोड़ से अधिक स्वीकृत कराए। अधिकांश कार्य पूरे हो भी गए। कमजोर आंखों वाले कांग्रेसियों को हमारी आलोचना करने से फुरसत नहीं। समय  रहते वे अपना इलाज करवा लें। कहीं उनकी आंखों में मोतियाबिंद मत हो जाए।

एकात्म परिसर में आज अपने ढाई साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को मीडिया के सामने रखते हुए पुरंदर मिश्रा ने कहा कि देवेंद्र नगर कन्या महाविद्यालय में 300 सीटर गर्ल्स हास्टल का निर्माण, मेकाहारा और जिला अस्पताल पंडरी को 40 लाख के मेडिकल इक्विपमेंट (आईसीयू बेड, मॉनिटर इत्यादि) सीएसआर मद से उपलब्ध काराना, उत्तर विधानसभा की प्रत्येक स्कूल में बाहरवीं बोर्ड में सर्वाधिक अंक लाने वाले सभी विद्यार्थी को पांच हजार रुपये का पुरस्कार, मेरिट में आने वाले विद्यार्थी को ग्यारह हजार रुपये का पुरस्कार तथा कचना-खम्हारडीह मार्ग पर रेल्वे ओव्हर ब्रिज का निर्माण हमारी ऐतिहासिक उपलब्धि रही है।

मिश्रा ने कहा कि जी०ई० रोड़ पर गुरु तेग बहादुर उद्यान से नेता जी सुभाष चौक तेलीबांधा (गुरूनानक चौक) तक फ्लाई ओव्हर निर्माण, खालसा स्कूल से पंडरी होते हुए मोवा थाना तक फ्लाई ओव्हर ब्रिज निर्माण, शंकर नगर स्थित टर्निंग प्वाइंट पर ग्रेड सेपरेटर निर्माण, मोवा से होते हुए लाभांडी डबल डेकर ब्रिज निर्माण, देवेन्द्र नगर-मंडी गेट-कांपा मार्ग पर वाल्टेयर लाईन पर अण्डर ब्रिज निर्माण, पंडरी, सांई मंदिर क्षेत्र (देवेन्द्र नगर) एन.आई.सी. कालोनी गोल्डन होम्स के क्षेत्रों में मार्गों का निर्माण, न्यू शांतिनगर- राजातालाब- शंकर नगर- राजीव नगर चतुर्दिक मार्गों का निर्माण, गायत्री नगर- गीतांजली नगर- कविता नगर चतुर्दिक मार्गों का निर्माण, देवेन्द्र नगर सेक्टर 4 अंतर्गत चतुर्दिक मार्गों का निर्माण, मौलाना अब्दुल रऊफ वार्ड अंतर्गत चतुर्दिक मार्गो का निर्माण, हवलदार अब्दुल हमीद वार्ड अंतर्गत चतुर्दिक मार्गों का निर्माण, काली माता वार्ड अंतर्गत चतुर्दिक मार्गों का निर्माण, पं० रविशंकर शुक्ल वार्ड अंतर्गत चतुर्दिक मार्गों का निर्माण, रमन मंदिर वार्ड अंतर्गत चतुर्दिक मार्गों का निर्माण, सिकल सेल हॉस्टल निर्माण (डॉक्टरों का), कैंसर हॉस्पीटल एक्सटेंशन, पी०जी० गर्ल्स हॉस्टल, क्लॉस 3 एवं क्लॉस 4 श्रेणी के कर्मचारियों के लिए आवास निर्माण स्वीकृत एवं प्रक्रियाधीन है।

मिश्रा ने कहा कि पिछले ढाई वर्ष की मेरी 10 प्रमुख उपलब्धियां रहीं कचना-खम्हारडीह मार्ग पर ₹39.44 करोड़ की लागत से रेलवे ओवरब्रिज पूर्ण होना; जिसका विगत 22 मई को लोकार्पण हुआ। नगर निगम के माध्यम से 401 कार्य 307 पूर्ण, 68 प्रगतिरत, 26 प्रारंभ / प्रक्रियाधीन होना। DMF से  ₹1.890 करोड़ के 10 कार्य जिनमें 12 पूर्ण और 7 प्रगतिरत हैं। जी.ई. रोड पर गुरु तेग बहादुर उद्यान से नेताजी सुभाष चौक / तेलीबांधा तक ₹152.34 करोड़ का फ्लाईओवर प्रक्रिया में होना। 700-बेड मेडिकल कॉलेज निर्माण एवं उपकरण व्यवस्था हेतु ₹376 करोड़ की परियोजना प्रक्रियाधीन होना। खालसा स्कूल से पंडरी होते हुए मोवा थाना तक ₹564.98 करोड़ के फ्लाईओवर का प्रस्ताव प्रशासकीय स्वीकृति में होना। शंकर नगर क्षेत्र के टर्निंग पॉइंट पर ₹160.63 करोड़ के ग्रेड सेपरेटर का प्रस्ताव आगे बढ़ना।

मिश्रा ने कहा कि हमारे प्रयासों से नगर निगम स्तर पर 160.62 करोड़ के प्रमुख कार्य प्रस्तावित / प्रक्रियाधीन हैं। आने वाले समय में बेहतर सड़क, सुगम यातायात, बेहतर जल निकासी, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाएँ देना हमारी प्राथमिकता है। रायपुर उत्तर में यातायात व्यवस्था को और बेहतर करना। नाली व्यवस्था को मजबूत करना। पेयजल सुविधाओं का विस्तार करना है। पार्किंग एवं यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *