बिलासपुर की हुंकार रैली में स्मृति ईरानी ने कहा- भूपेश का होम वर्क राहुल की तरह कच्चा

0 ए फॉर अमेठी, बी फॉर बिलासपुर सी फॉर छत्तीसगढ़

मिसाल न्यूज़

बिलासपुर। केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित महतारी हुंकार रैली में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता की तिजोरी लूटकर कांग्रेस का खजाना भरा जा रहा है। छत्तीसगढ़ में महिलाओं के साथ इस सरकार में 6 हजार बलात्कार के मामले हुए हैं। जब बलात्कार पीड़ित आत्महत्या कर ले तब यहां रिपोर्ट दर्ज होती है।

केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं अमेठी की बेटी छत्तीसगढ़ महतारी और उनकी बेटियों को प्रणाम करने आई हूं। मां महामाया की धरती में वीरांगना बिलासा को प्रणाम करती हूं। उन्होंने सवाल किया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार कौन चला रहा है सोनिया गांधी या कोई और? स्मृति ईरानी ने रेलवे के मामले में कांग्रेस द्वारा लगाये आरोप के जवाब में कहा कि भूपेश बघेल का होम वर्क राहुल गांधी की तरह कच्चा हो गया है। केवल बिलासपुर रेलवे को 9 हजार करोड़ मोदी जी ने दिया है, सोनिया गांधी ने नहीं। अमेठी में प्रचार करने भूपेश जी भी गए थे। कांग्रेस पार्टी के गढ़ अमेठी में हमने कांग्रेस की जमानत जब्त करा दी। हम दुश्मन के घर में घुसकर हमला करते हैं। उन्होंने ए फॉर अमेठी, बी फॉर बिलासपुर, सी फॉर छत्तीसगढ़ का नारा बुलंद करते हुए कहा कि यहां भी कांग्रेस की जमानत जब्त कराएंगे।

स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं यह पूछना चाहती हूं कि कांग्रेस के राज में छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर 6 हजार बहनों की इज्जत क्यों लूटी गई? क्यों हजारों महिलाओं का अपहरण हुआ? छत्तीसगढ़ में कांग्रेस राज में बहनों के साथ गैंगरेप होता है, बहनें आत्महत्या करती हैं तब जाकर एफआईआर होती है। कांग्रेस को जनता की चिंता नहीं है। जनता की तिजोरी खाली करना उनका काम है।

उन्होंने कहा कि विपदा की घड़ी कोरोनाकाल में मोदी जी घर-घर अनाज और छत्तीसगढ़ की सरकार घर-घर दारू पहुंचा रही थी। भाजपा ने जिंदगी का सामान बांटा और कांग्रेस ने मौत का। जनता पूछ रही है कि छत्तीसगढ़ में राज किसका है, रिमोट कंट्रोल किसके हाथ में हैं? सोनिया जी के हाथ में है या और किसी के हाथ में? उन्होंने सवाल उठाया कि जनता का पैसा जनता के पास क्यों नहीं पहुंच रहा है? अगर पहुंचता तो कांग्रेस राज के 4 साल में 25 हजार बच्चे इलाज के अभाव में नहीं मरते। कांग्रेस के नेतृत्व ने बच्चों के शरीर से प्राण छीन लिए। मुंह से निवाला छीना और गरीबों के सिर से छत छीन ली।

महतारी और बहनों की है हुंकार

गद्दी छोड़े भूपेश सरकार – साव

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने विशाल हुंकार रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सुना कि उनके राहुल गांधी को अमेठी जाकर हराने वाली स्मृति ईरानी आ रही हैं, तब से वे डरने लगे हैं। उन्हें डरना भी चाहिए। प्रदेश के कोने-कोने से आई बहनों का यह महासमुद्र अपने खिलाफ हुए अत्याचार के विरुद्ध भुपेश सरकार के खिलाफ दहाड़ में परिवर्तित हो चुका है। भूपेश बघेल सरकार की आज से उल्टी गिनती शुरू हो गई है। महतारी और बहनों की हुंकार है गद्दी छोड़े भूपेश सरकार।

बघेल की नींद उड़ गई है: डॉ. रमन

भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महतारी हुंकार रैली में छत्तीसगढ़ के चप्पे-चप्पे से आयी माताओं बहनों ने बिलासपुर में ताकत दिखा दी है। इसके साथ ही भूपेश बघेल की नींद उड़ गई है। अब उन्हें रात में नींद नहीं आएगी। क्योंकि उनकी छुट्टी होने वाली है। उन्होंने कहा कि में प्रदेश में हर तरफ माफियाओं का राज चल रहा है। प्रदेश के 16 लाख गरीबों का आवास बनने से रोकने का बदला लेना है। शराबबंदी के लिए गंगा जल हाथ में लेकर कसम खाने के बाद भी घर-घर शराब पहुंचाने का पाप करने का बदला लेना है। 10 लाख युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा करके मुकर जाने वाले से बदला लेना है। 20 हजार महिलाओं का रोजगार छीनने का बदला लेना है।

सभा को केन्द्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, राज्यसभा सांसद सरोज पाण्डेय, प्रदेश प्रवक्ता व विधायक रंजना साहू, प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने भी संबोधित किया।

छत्तीसगढ़ के हर छोर

से रैली में पहुंचीं महिलाएं

छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा ने आज यहां कांग्रेस सरकार के राज में महिला उत्पीड़न के खिलाफ महतारी हुंकार रैली में चुनावी शंखनाद कर दिया। जगमल चौक से नेहरूनगर चौक तक निकाली गई रैली में प्रमुख रूप से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सांसद अरुण साव, केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्वमंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, राष्ट्रीय मंत्री राज्यसभा सांसद संगीता यादव, छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला मोर्चा प्रभारी निशा सिंग, गोमती साय, सांसद संतोष पांडेय, कार्यक्रम प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, किरण देव, भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, ओपी चौधरी, विजय शर्मा, लता उसेंडी, चंपादेवी पावले एवं मीनल चौबे शामिल हुए।

महतारी हुंकार रैली जगमल चौक से गांधी चौक होते हुए नेहरु चौक में आमसभा में परिवर्तित हुई। महिला मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का तलवार भेंटकर व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। गांधी चौक से इस रैली का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया। महतारी हुंकार रैली में सभा का संचालन महिला मोर्चा महामंत्री विभा अवस्थी ने व आभार जयश्री चौकसे ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *