भाजपा महिला मोर्चा ने की प्रियंका गांधी के घेराव की घोषणा

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने  कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के घेराव का ऐलान किया है। महिला मोर्चा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों के विरोध में यह कदम उठाया जाएगा।

छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की आज प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक आहुत की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप एवं महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत सहित महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता  वर्चुअल माध्यम से शामिल हुईं। बैठक में तय हुआ कि प्रियंका गांधी के बस्तर प्रवास पर बस्तर संभाग महिला मोर्चा द्वारा प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती शालिनी राजपूत के नेतृत्व में उनका घेराव किया जाएगा। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की ओर से एक बयान जारी कर किया कि छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार ने महिलाओं के हित में जो वादे किए थे वो पूरे नहीं हुए। प्रियंका गांधी हमेशा कहती हैं कि मैं लड़की हूं, लड़ सकती हूं, इस विषय पर सीधे संवाद-सीधे विरोध की मुहिम चलाई जाएगी। प्रियंका गांधी से पूछेंगे कि कांग्रेस की सरकार साढ़े 4 सालों में शराबबंदी क्यों नहीं कर पाई? प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही छोटी बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक दुष्कर्म के अपराध बढ़ रहे हैं। इस पर लगाम क्यों नहीं लगी? पेंशन राशि क्यों नहीं बढ़ पाई? रेडी टू ईट बनाने वाली हजारों बहनों को क्यों बेरोजगार कर दिया। स्व सहायता समूह की बहनों का आज तक कर्जा माफ क्यों नहीं हुआ? प्रियंका गांधी के सचिव संदीप के ऊपर उत्तर प्रदेश के हस्तिनापुर की कांग्रेस प्रत्याशी ने शोषण का आरोप लगाया है और उससे यह बदसलूकी रायपुर में हुई है। प्रियंका छत्तीसगढ़ आएंगी तो क्या अपने उस सचिव को पुलिस के हवाले करेंगी? अनेक ज्वलंत मुद्दों को लेकर भाजपा महिला मोर्चा प्रियंका गांधी का घेराव करेगा।

बैठक में प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, बस्तर संभाग के सातों जिले के महिला मोर्चा प्रदेश के पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, जिला अध्यक्ष, महामंत्री एवं महिला मोर्चा की बहनें मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *