पीएम मोदी के प्रवास से ठीक पहले कांग्रेस ने उठाए 21 सवाल

मिसाल न्यूज़

रायपुर। 7 जुलाई को राजधानी रायपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के होने जा रहे प्रवास से पहले कांग्रेस ने उनसे 21 सवाल पूछे हैं। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की ओर से पूछे गये सवालों प्रधानमंत्र के समक्ष रखा जा रहा है। 9 साल का रिकार्ड है प्रधानमंत्री सवालों के उत्तर नहीं देते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से उनसे सवाल पूछ रही है।

राजीव भवन में आज प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री से पूछे जा रहे सवालों को सुशील आनंद शुक्ला ने मीडिया के समक्ष रखा। सवाल ये हैं- 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा था लेकिन 3285 दिन में भी महंगाई कम क्यों नहीं हुई? 7 नवंबर 2013 को कांकेर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की जनता से वायदा किया था हरेक खाते में 15 लाख आयेंगे। 15-15 लाख रुपया जनता के खाते में कब आयेंगे? 9 साल में विदेश से कितना काला धन वापस आया?  दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष के वादानुसार 18 करोड़ रोजगार युवाओं को कब मिलेगा? किसानों की आमदनी दुगुनी कब होगी? उपज की कीमत लागत मूल्य से डेढ़ गुना कब मिलेगा? अंतर्राष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल के दाम घट गये हैं फिर भी देश में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस के दाम कम क्यों नहीं हो रहे है? उज्ज्वला के हितग्राहियों के सिलेंडर कब भरेंगे? 9 साल में देश के ऊपर कर्ज भार 150 लाख करोड़ कैसे बढ़ गया? अडानी की सेल कंपनी में लगे 20 हजार करोड़ रू. किसके हैं? इस पर आप चुप क्यों है? चीन भारतीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण करवा रहा केंद्र सरकार मौन क्यों है? मणीपुर जल रहा है केंद्र सरकार मौन क्यों है? मणीपुर चुनाव के लिये हेमंता विश्व शर्मा और राम माधव ने उग्रवादियों से मदद ली थी उसकी जांच कब करायेगी केंद्र सरकार? पहलवान बेटियों से शोषण करने के आरोपी बृजभूषण सिंह को अब तक क्यों गिरफ्तार क्यों नहीं किया? आदि पुरूष फिल्म पर केंद्र ने बैन क्यों नहीं लगाया? फिल्म बनाने वाले को अब तक गिरफ्तार क्यों नहीं किया? छत्तीसगढ़ के उद्योगों को कोल का आबंटन कब होगा? देश भर में रेल्वे की यात्री सेवाओं को बदहाल क्यों कर दिया गया है? रेलगाड़ी की लेटलतीफी, निरस्तीकरण कब बंद होगा? राज भवन में लंबित छत्तीसगढ़ नवीन आरक्षण विधेयक पर हस्ताक्षर कब होगा? देश में प्रस्तावित रामायण सर्किट से छत्तीसगढ़ को क्यों अलग रखा गया है? छत्तीसगढ़ सरकार को केन्द्र से लंबित देनदारी विभिन्न विभागों की 55000 करोड़ की राशि कब तक मिलेगी? छत्तीसगढ़ के नक्सल मोर्चे पर तैनात केन्द्रीय सुरक्षा बलों के खर्च (11000 करोड़ लगभग) को माफ कब करेंगे? झीरम नरसंहार की फाईल एन.आई.ए. राज्य सरकार द्वारा गठित एस.आई.टी. को क्यों नहीं वापस कर रही है?

प्रेस वार्ता में प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला, प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, घनश्याम राजू तिवारी, सुरेन्द्र वर्मा, नितिन भंसाली, अजय साहू, ऋषभ चंद्राकर, सत्यप्रकाश सिंह उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *