छत्तीसगढ़ की चुनावी सभा में मोदी ने कहा- जिस बेटे का रक्षा कवच देश की करोड़ों माता-बहनें हैं, उसके लिए मौत को भी करना पड़ेगा लंबा इंतजार…

मिसाल न्यूज़

रायपुर/सक्ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जेठा बारव्दार (सक्ती) कॉलेज ग्राउंड में  चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता लाठी से मोदी का सिर फोड़ने की धमकी दे रहे हैं। वे कह रहे हैं कि मोदी मर जाए। लेकिन मोदी सिर ऊँचा करके चलता है। मोदी इनकी धमकियों से डरने वाला नहीं। गरीबों को जिन्होंने लूटा उन्हें सजा मिलनी चाहिए। कोई घर में घुस आए और लूटपाट करने लगे तो परिवार का हर सदस्य भिड़ जाता है। मोदी के लिए पूरा भारत परिवार है। मोदी की रक्षा देश के करोड़ों लोग करेंगे। जिस बेटे का रक्षा कवच देश की करोड़ों माता-बहनें हैं, उसके लिए तो मौत को भी लंबा इंतजार करना पड़ेगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को जांजगीर-चाँपा और रायगढ़ लोकसभा क्षेत्रों से भाजपा उम्मीदवार क्रमश: श्रीमती कमलेश जांगड़े व राधेश्याम राठिया के समर्थन में आहूत महती चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पूरे मोदी समाज को गाली दी है। पिछड़े वर्ग को गाली दी है। हमने पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए के लिए ओबीसी आयोग बनाया। पिछड़ों को स्थानीय भाषा में उच्च शिक्षा का अधिकार दिया और आज यहाँ के कांग्रेस नेता मोदी का सिर फोड़ने और उसके मरने की बात कह रहा है। दरअसल हमने जब घोटालेबाजों का रास्ता रोका, बिचैलियों की कमाई बंद की, तब से इनका पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार किया। यहाँ के लोगों के साथ धोखा किया, उनकी जांच चल रही है। अपने देश को अपने परिवार को लूटपाट से बचाने में जुटा हूं। मोदी कहता है भ्रष्टाचार हटाओ और कांग्रेस कहती है भ्रष्टाचारी बचाओ। छत्तीसगढ़ में हमने, स्थानीय उत्पाद को विश्व बाजार मुहैया कराने 13 हजार करोड़ रुपए की विश्वकर्मा योजना और जन-मन योजना शुरू की है।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस संविधान खत्म कर देने, आरक्षण खत्म कर देने का झूठ फैला रही है। कांग्रेस कितने दिन यह झूठ फैलाएगी? इस देश का संविधान कोई नहीं बदल सकता। कांग्रेस के ही एक सांसद कर्नाटक में दक्षिण के राज्यों को मिलाकर अलग देश बनाने की बात कर रहे हैं। गोवा के कांग्रेस उम्मीदवार सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि गोवा में भारत का संविधान नहीं चलेगा। यह संविधान गोवा पर थोपा गया है। कभी जम्मू-कश्मीर में यही कहा जाता था कि भारत का संविधान नहीं चलेगा, पर आज उनकी बोलती बंद है। सवाल किया कि क्या यह भारत के संविधान का अपमान और उससे छेड़छाड़ नहीं है? गोवा के कांग्रेस उम्मीदवार ने राहुल गांधी से हुई चर्चा को सार्वजनिक किया है जिसका साफ मतलब है कि राहुल गांधी की इसमें मौन सहमति है। देश के एक बड़े हिस्से में नकारे जाने से कांग्रेस के लोग बौखला गए हैं और इसलिए देश के भीतर इस तरह के टापू बना रहे हैं। आज वे गोवा में भारत के संविधान को नकार रहे हैं, कल देश में डॉ. बाबासाहब अंबेडकर के संविधान को नकारने का पाप करेंगे। यह देश को तोड़ने की कांग्रेस की सोची-समझी चाल है। मोदी ने कहा कि देशवासियों की उम्मीद पूरी करते हुए अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनाने का काम भाजपा ने किया। कांग्रेस राम मंदिर के नाम पर तानाकशी करती रही। जब मंदिर में रामलला की प्रतिष्ठा का निमंत्रण दिया तो सातवें आसमान से भी उँचे अपने अहंकार के चलते कांग्रेस ने यह न्यौता ठुकरा दिया। यह भगवान राम के ननिहाल और माता शबरी की धरती छत्तीसगढ़ का घोर अपमान है। धर्म के नाम पर देश को बाँटने वाली कांग्रेस शुरू से तुष्टीकरण में लगी रही है। वोट बैंक का राजनीति कांग्रेस के डीएनए में है और इसके लिए वह दलितों, वंचितों, आदिवासियों, पिछड़ों का हक मारने से भी पीछे नहीं हटती। भाजपा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूलमंत्र पर काम कर रही है।

मोदी ने कहा कि भाजपा ने एक दलित बेटे और एक आदिवासी बेटी को राष्ट्रपति बनाया तो कांग्रेस ने न केवल उसका विरोध किया बल्कि राष्ट्रपति द्रौपदी मूर्मू को अपमानित तक किया। तीसरी बार हमारी सरकार के पास बहुत काम बाकी है इसलिए 7 मई को मोदी के लिए एक घंटे का समय निकालकर वोट करने जरूर जाएँ और राधेश्याम राठिया व बहन कमलेश जांगड़े को जिताकर एक मजबूत सरकार के लिए भरपूर समर्थन दें।

सभा को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,  वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, विधायक द्वय गुरु खुशवंत साहेब व अनुज शर्मा, भाजपा प्रत्याशी कमलेश जांगड़े (जांजगीर-चाँपा) ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रदेश के मंत्री टंकराम वर्मा, रायगढ़ लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया, विधायक राजेश मूणत, सांसद गुहाराम अजगले, लोकसभा प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक गोमती साय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, सतनामी समाज के गुरु बालदास साहेब, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, निर्मल सिन्हा, विधायक सौरभ सिंह, भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य ‍श्रीमती संयोगिता जूदेव एवं संभाग प्रभारी अनुराग सिंहदेव उपस्थित थे।  मोदी की सभा के ठीक एक दिन पहले अपने 50 समर्थकों सहित कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाली पूर्व विधायक सरोजा मनहरण राठौर व प्रदेश कांग्रेस के महासचिव मनहरण राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेतागण व कार्यकर्तागण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *