नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज में वृद्धि निंदनीय- दीप्ति दुबे

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कांग्रेस नेत्री श्रीमती दीप्ति दुबे ने कहा कि नगर निगम द्वारा यूजर चार्ज में की गई वृद्धि निंदनीय है। आवासीय संपत्तियों पर प्रति माह 10 रुपये तथा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर 30 रुपये तक की बढ़ोतरी सीधे तौर पर आम नागरिकों, मध्यम वर्गीय परिवारों, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना है।

दीप्ति दुबे ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई, बिजली-पानी, डीज़ल, तेल के बढ़ते दामों से परेशान है। ऐसे में यूज़र चार्ज के नाम पर अतिरिक्त शुल्क थोपना अनुचित है। नगर निगम को पहले अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाना चाहिए। सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और अन्य नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना चाहिए। उसके बाद ही किसी प्रकार की शुल्क वृद्धि पर विचार करना चाहिए।

दीप्ति दुबे ने कहा कि नगर निगम द्वारा तर्क दिया जा रहा है कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों और बढ़ते खर्चों के कारण यूजर चार्ज बढ़ाया गया है। लेकिन जनता को यह जानने का अधिकार है कि पिछले वर्षों में निगम ने संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और खर्चों में कटौती के लिए क्या कदम उठाए हैं। केवल जनता की जेब पर बोझ डालना किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। श्रीमती दुबे ने मांग की कि नगर निगम इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और बढ़ाए गए यूजर चार्ज को तत्काल वापस ले। उन्होंने कहा कि यदि निगम प्रशासन जनता की भावनाओं की अनदेखी करता है, तो कांग्रेस पार्टी आम नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ आवाज़ उठाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *