मिसाल न्यूज़
रायपुर। 80 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज निगम मुख्यालय प्रांगण में राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। अतिथियों द्वारा निगम मुख्यालय के विभिन्न विभागों एवं जोनों के तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के 49 कर्मचारियों को मंच पर प्रमाण पत्र प्रदत्त कर श्रेष्ठ कार्य हेतु सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर महापौर ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाकर रायपुर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित, सुन्दर विकसित राजधानी शहर बनाने सक्रिय सहभागिता दर्ज करवाने का संकल्प लेने की अपील की।
सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनायें दीं। सभापति ने कहा कि नगर निगम में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी एवं कर्मचारी सायकिल के दो पहिये हैं। दोनों को स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनता के प्रति श्रेष्ठ कार्य दायित्व निर्वहन करने का संकल्प अवश्य लेना चाहिए, ताकि सकारात्मक ऊर्जा के साथ शहर का विकास हो सके।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि देश को स्वतंत्रता लाखों बलिदानियों के संघर्ष से प्राप्त हुई है, जिसे हर हाल में सुरक्षित रखकर मजबूत करना हम सबका नैतिक दायित्व है।
निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने सभी नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं दी। कमिश्नर ने सभी नागरिकों से जीवन को श्रेष्ठ बनाते हुए शहर हित में बेहतर कार्य लगातार करने की अपील की।
संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी ने भी अपनी बात रखी। ध्वजारोहण के अवसर पर निगम अपर कमिश्नर लोकेश्वर साहू, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, उपायुक्तगण, जोन कमिश्नरगण, प्रभारी अधिकारीगण, कार्यपालन अभियंतागण समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

