मिसाल न्यूज़
दर्शकों के दिलों में रचे-बसे छॉलीवुड स्टार कलाकार अमलेश नागेश की बहुप्रतिक्षित छत्तीसगढ़ी फ़िल्म ‘तोर मयारु मोर मयारु’ 4 सितंबर को पूरे छत्तीसगढ़ की सिंगल स्क्रीन व मल्टीप्लेक्स में रिलीज़ होने जा रही है।
‘ले शुरु होगे मया के कहानी’, ‘गुंइया-1’, ‘हंडा’, ‘टीना टप्पर’ एवं ‘डार्लिंग प्यार झुकता नहीं- 2’ जैसी फ़िल्में कर चुके अमलेश नागेश ने क़रीब डेढ़ साल पहले यह कहते हुए अपने प्रशंसकों को सकते में डाल दिया था कि वे फ़िल्मों से संन्यास ले रहे हैं। छॉलीवुड में अमलेश के क़रीबी रहे ज़्यादातर लोग उनसे कहते रहे थे कि यह सिनेमा को अलविदा कहने का समय नहीं। छॉलीवुड को अभी तूम्हारी ज़रूरत है। वक़्त लगा, लेकिन अमलेश ने क़रीबी दोस्तों की समझाइश को गंभीरता से लिया और पूरी शिद्दत के साथ ‘तोर मयारू मोर मयारू’ के काम में जुट गए। बड़े सितारों से सजी यह फ़िल्म अब रुपहले पर्दे पर पहुंचने को तैयार है।
निर्माता प्रणय गर्ग, सह निर्माता निशेष त्रिपाठी, कार्यकारी निर्माता कुमार कर्ण सिंह तथा निर्देशक राहुल प्रताप सिंह की इस फ़िल्म को जाने-माने फ़िल्म मेकर मनीष मानिकपुरी प्रस्तुत करने जा रहे हैं।
फ़िल्म में स्टार कलाकार मन कुरैशी समेत काजल सोनबेर, रजनीश झांझी, संजय महानंद, क्रांति दीक्षित, अंजलि सिंह, उपासना वैष्णव, उर्वशी साहू, प्रदीप शर्मा हेमलाल कौशल जैसे सितारे नज़र आएंगे।

