‘तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 ग्रैंड फिनाले’- दिव्यांग बच्चों के बैंड और महिला आत्मरक्षा शिविर अपराजिता की मनमोहक प्रस्तुति से यादगार बनी शाम

0 महापौर, सभापति, कलेक्टर व निगम कमिश्नर ने किया प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन

मिसाल न्यूज़

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर नगर निगम के कला केन्द्र एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026” का भव्य ग्रैंड फिनाले 14 अगस्त की संध्या शहीद स्मारक भवन में उत्साह, उमंग और देश भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कला, संस्कृति, देश भक्ति और बाल प्रतिभाओं को समर्पित इस आयोजन में जिले भर से चयनित 31 प्रतिभाशाली बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों, उत्साह और देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

‘तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026’ में महापौर श्रीमती मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, नगर निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, नगर निगम जोन 10 अध्यक्ष सचिन बी. मेघानी की खास उपस्थिति रही।

194 प्रतिभागियों में से

31 प्रतिभाओं का चयन

तिरंगा शक्ति फेस्ट का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में 10 एवं 11 अगस्त को टाउन हॉल घड़ी चौक में सुबह से शाम तक ऑडिशन राउंड आयोजित हुआ। इसमें जिले भर से कुल 194 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, इंस्ट्रूमेंटल, गिटार, तबला, हार्मोनियम सहित विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभा, प्रस्तुति कौशल एवं कला के आधार पर 31 उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन ग्रैंड फिनाले के लिए किया गया।

विशेष प्रस्तुतियों ने बढ़ाई

कार्यक्रम की गरिमा

ग्रैंड फिनाले को और अधिक विशेष एवं यादगार बनाने के लिए अनेक आकर्षक विशेष प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। प्रसिद्ध कलाकार अरुणिमा शर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत “चनाके डार राजा” की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संगीत से सजी इस प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे। वहीं डॉ. मिताली ने अपनी अनूठी पपेट एवं कार्टून वॉइस प्रस्तुति से बच्चों एवं दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार में खूब तालियां गूंजीं।

‘प्रोजेक्ट दिव्य धुन’ के दिव्यांग

बच्चों के बैंड ने जीता दिल

कार्यक्रम का एक अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी क्षण रायपुर जिला प्रशासन की अभिनव पहल “प्रोजेक्ट दिव्य धुन” के अंतर्गत तैयार किए गए दिव्यांग बच्चों के विशेष बैंड की प्रस्तुति रही। रायपुर कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में दिव्यांग बच्चों को प्राथमिकता देते हुए तैयार किए गए इस विशेष बैंड ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण ने उपस्थित दर्शकों को भावुक और गौरवान्वित कर दिया। इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती और अवसर मिलने पर हर बच्चा अपनी पहचान बना सकता है।

टीम प्रहरी ने दिया महिला आत्मरक्षा

और सशक्तिकरण का संदेश

कार्यक्रम में टीम प्रहरी द्वारा महिला आत्मरक्षा की थीम पर विशेष प्रस्तुति दी गई। साहस, आत्मविश्वास और नारी सशक्तिकरण पर आधारित महिला आत्मरक्षा शिविर अपराजिता की इस मनमोहक प्रस्तुति ने महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया। प्रस्तुति ने दर्शकों में ऊर्जा का संचार करने के साथ यह संदेश भी दिया कि सशक्त महिला ही सुरक्षित और सशक्त समाज की आधारशिला है।

महापौर ने सामूहिक

नागरिक शपथ दिलवाई 

तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने मोर रायपुर मोर जिम्मेदारी अंतर्गत सामूहिक शपथ दिलवाई। सभी उपस्थित नगरवासियों ने स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, पेयजल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का परित्याग करने की सामूहिक नागरिक शपथ ली।

कला के साथ सामाजिक

सरोकारों का मंच- अंजलि शर्मा

नगर निगम डिप्टी कमिश्नर डॉ. अंजलि शर्मा ने बताया कि ‘तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026’ का उद्देश्य रायपुर जिले के बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा और कला प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा स्वतंत्रता दिवस की भावना को कला एवं संस्कृति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना रहा। इस आयोजन की विशेषता यह रही कि यहां केवल कला और प्रतिभा को मंच नहीं मिला, बल्कि दिव्यांग प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, महिला आत्मरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों को भी प्रमुखता दी गई। 31 चयनित बाल प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों और विशेष कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 के ग्रैंड फिनाले को कला, संस्कृति, प्रतिभा, समावेशिता और सशक्तिकरण का अनूठा संगम बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *